1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. इंडोनेशिया ने भी पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा, ‘बिन्तांग अदिपुर्ना’ मेडल से हुए सम्मानित
इंडोनेशिया ने भी पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा, ‘बिन्तांग अदिपुर्ना’ मेडल से हुए सम्मानित

इंडोनेशिया ने भी पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा, ‘बिन्तांग अदिपुर्ना’ मेडल से हुए सम्मानित

0
Social Share

जकार्ता, 7 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इंडोनेशिया ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक ‘बिन्तांग अदिपुर्ना ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया’ (मेडल ऑफ ऑनर) से सम्मानित किया है। यह सम्मान इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उन्हें प्रदान किया। हाल ही में सेशेल्स ने भी प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से नवाजा था। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी अब 25 से अधिक देशों के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित हो चुके हैं।

सम्मान समारोह के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर सहमति जताई। बातचीत में ऊर्जा, व्यापार, समुद्री सहयोग, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिज, खाद्य सुरक्षा और डिजिटल अर्थव्यवस्था जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मई 2018 में स्थापित भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की भी समीक्षा की गई।

इससे पहले जकार्ता स्थित राष्ट्रपति भवन इस्ताना मर्डेका में प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। सेरेमोनियल रिसेप्शन के दौरान राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने गर्मजोशी से उनका स्वागत करते हुए गले लगाया। इसी अवसर पर दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों और एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने जकार्ता में मिले स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “कल शाम जकार्ता में हुए खास स्वागत की खास बातें। आज राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ बातचीत का इंतजार है।”

इंडोनेशिया दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भारत और इंडोनेशिया के राष्ट्रीय ध्वज लेकर मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने उनके बीच पहुंचकर हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने इंडोनेशिया के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों से मुलाकात की, जबकि राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का भी स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति भवन में विजिटर बुक पर हस्ताक्षर भी किए।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code