Rajasthan Panchayat Election Result : 37 जिलों में वोटों की गिनती शुरू, प्रधान और जिला प्रमुख की कुर्सी पर नजर

जयपुर, 20 नवंबर, Rajasthan Panchayat Election Result : राजस्थान में ग्रामीण सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे पंचायती राज चुनाव के नतीजों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। प्रदेश के 37 जिलों में शुक्रवार सुबह 8 बजे से पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए मतगणना शुरू हो गई है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रदेशभर के मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझान और परिणाम सामने आने के साथ ही ग्रामीण राजनीति की तस्वीर साफ होने लगेगी।

इस चुनाव में पंचायत समितियों के 7,543 वार्डों और जिला परिषद के 1,275 वार्डों के लिए मतदान हुआ था। कुल 29,142 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला होना है। इनमें पंचायत समिति के 25,073 और जिला परिषद के 4,069 प्रत्याशी शामिल हैं। इन नतीजों से तय होगा कि प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में किस राजनीतिक दल का दबदबा कायम रहेगा।

निर्विरोध निर्वाचन में भाजपा सबसे आगे, 35 प्रत्याशी पहले ही जीत चुके हैं

पंचायत समिति के 7,543 वार्डों के लिए कुल 25,108 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें से 35 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। निर्विरोध जीतने वालों में भाजपा के 19, कांग्रेस के 11, बसपा का एक और चार निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं। इस तरह अब शेष सीटों पर 25,073 उम्मीदवारों के बीच मुकाबले का परिणाम सामने आएगा।

प्रधान और जिला प्रमुख की कुर्सी पर नजर, शुरू हो सकती है बाड़ेबंदी

आज आने वाले चुनाव परिणाम केवल पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों की जीत-हार तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इनके जरिए प्रधान और जिला प्रमुख की कुर्सी का रास्ता भी तय होगा। राजनीतिक दलों ने अपने-अपने स्तर पर बहुमत का गणित बैठाना शुरू कर दिया है।

खास बात यह है कि पंचायती राज चुनावों में दलबदल कानून लागू नहीं होता। ऐसे में चुनाव परिणाम आने के बाद राजनीतिक जोड़-तोड़, क्रॉस वोटिंग और संभावित बाड़ेबंदी की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। कई बार बहुमत का आंकड़ा हासिल करने के बावजूद अंतिम समय में समीकरण बदल जाते हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने समर्थित उम्मीदवारों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर सकते हैं।

जयपुर में 145 टेबलों पर मतगणना, जोधपुर में चरणबद्ध गिनती

प्रदेशभर में मतगणना को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। राजधानी जयपुर में पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना के लिए 145 टेबलें लगाई गई हैं। प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र के लिए अलग कक्ष निर्धारित किया गया है, ताकि मतगणना की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके। वहीं, जोधपुर में पहले पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए मतों की गिनती की जा रही है। इसके बाद जिला परिषद सदस्य पदों की मतगणना होगी।

पाली और सीकर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पाली के बांगड़ कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर सुबह 6 बजे से ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शिवाजी सर्किल और ज्योतिबा फुले सर्किल के पास बैरिकेडिंग की गई है। यातायात को नियंत्रित करने के साथ ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दूसरी ओर, सीकर के एसके गर्ल्स कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र के बाहर सुबह से ही प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं की कतारें देखने को मिलीं। पुलिसकर्मियों ने जांच के बाद एजेंटों को बारी-बारी से मतगणना केंद्र के अंदर प्रवेश दिया।

37 जिलों में प्रशासनिक निगरानी में मतगणना

राजस्थान के सभी 37 जिलों में मतगणना केंद्रों पर प्रशासनिक निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती जारी है। जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, अलवर, सीकर, बीकानेर, बाड़मेर, नागौर, भीलवाड़ा, झुंझुनूं, भरतपुर, पाली, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, सवाई माधोपुर, जालोर, टोंक, दौसा, राजसमंद, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, झालावाड़, चूरू, हनुमानगढ़, धौलपुर, सिरोही, डीग, डीडवाना-कुचामन, ब्यावर और बूंदी समेत प्रदेश के सभी जिलों में चुनाव परिणामों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। अब सबकी निगाहें मतगणना के नतीजों पर टिकी हैं। इन परिणामों से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा और कांग्रेस की ताकत का आकलन होगा, बल्कि आने वाले समय में राजस्थान की स्थानीय राजनीति की दिशा भी तय होगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular