FIH हॉकी विश्व कप : भारतीय महिला टीम दूसरे दौर में, पूल डी के अंतिम मैच में इंग्लैंड को गोलरहित रोका

एम्सटेलवीन, 20 अगस्त। अपने पुरुष समकक्षों के बाद भारतीय महिला टीम ने भी यहां FIH हॉकी विश्व कप के दूसरे दौर में जगह बना ली। हालांकि गुरुवार को खेले गए पूल डी के तीसरे व अंतिम मैच में सलीमा टेटे की अगुआई वाली टीम ने कुछ मौके भी गंवाए, लेकिन उसने विश्व रैंकिंग में खुद से दो पायदान ऊपर यानी सातवें क्रम की इंग्लिश टीम के हमलों को भी बखूबी रोका और मुकाबला गोलरहित बराबरी पर छुड़ाया।

भारतीय गोलकीपरों ने इंग्लैंड को मिले सभी 12 शॉर्ट कॉर्नर रोके

फिलहाल भारतीय टीम को अपनी गोलकीपरों – सविता पूनिया  बिछू देवी का शुक्रगुजार होना चाहिए, जिन्होंने वेगनर हॉकी स्टेडियम में एक-दो नहीं वरन इंग्लैंड की ओर से झोंके गए कुल 12 पेनाल्टी कॉर्नर सहित कई हमले रोके। इसी क्रम में आखिरी सीटी बजने से 30 सेकेंड पहले भी गोलकीपर बिछू देवी ने अपनी बायीं ओर डाइव लगाकर गोल होने से बचाया।

भारतीय टीम ने भी गंवाए सभी 6 पेनाल्टी कॉर्नर

वस्तुतः भारत को दूसरे दौर में पहुंचने के लिए इस मैच में सिर्फ ड्रॅा की जरूरत थी, लेकिन कई मौके बनाने के बावजूद भारतीय खिलाड़ी गोल नहीं कर सकीं। पासिंग, गेंद पर नियंत्रण और पेनाल्टी कॉर्नर बनाने और बचाने हर विभाग में कमजोरियां नजर आई। इसी क्रम में टीम ने छह शॉर्ट कॉर्नर भी अर्जित किए, लेकिन टूर्नामेंट से पहले शानदार फॉर्म में चल रहीं दीपिका और नवनीत उन्हें भुनाने में नाकाम रहीं।

भारत पूल में दूसरे स्थान पर, चीन दूसरी जीत से शीर्षस्थ

ओलम्पिक रजत पदक विजेता चीन ने इससे पहले खेले गए मैच में दक्षिण अफ्रीका को 5-1 से हराकर सात अंकों के साथ पूल डी में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं भारत तीन मैचों में एक जीत और दो ड्रॉ के बाद पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। भारत ने पहले मैच में चीन को 2-2 की बराबरी पर रोका था और उसके बाद दक्षिण अफ्रीका पर 6-1 से धमाकेदार जीत हासिल की थी। इंग्लैंड चार अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा जबकि दक्षिण अफ्रीकी टीम खाता नहीं खोल सकी।

दूसरे दौर में भारत की दोनों वर्गों में नीदरलैंड्स से पहली मुलाकात

अब चैम्पियनशिप में दूसरे दौर के मुकाबले शुक्रवार से शुरू होंगे और देखा जाए तो भारतीय टीमों के लिए ये मुकबाले नॉकआउट के समान होंगे। दोनों वर्गों में भारत की पहली मुलाकात पूल ए में शीर्षस्थ व मेजबान नीदरलैंड्स से होगा। इस क्रम में सलीमा टेटे की टीम शुक्रवार को खेलेगी जबकि शनिवार को हरमनप्रीत सिंह एंड कम्पनी मैदान पर उतरेगी।

पूल ए व पूल डी की शीर्ष दो-दो टीमों को मिलाकर बना पूल ई

विश्व कप के नए प्रारूप के तहत पुरुष वर्ग में प्रारंभिक पूल ए व पूल डी की शीर्ष दो-दो टीमों को मिलाकर दूसरे दौर में पूल ई बनाया गया है। यानी पूल ई में नीदरलैंड्स व अर्जेंटीना (पूल ए) और इंग्लैंड व भारत (पूल बी) शामिल हैं।

इस ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी जबकि तीसरी व चौथी टीमें पांचवें से आठवें स्थान के निर्धारण के लिए मुकाबला करेंगी। फिलहाल भारत की इंग्लैंड से मुलाकात नहीं होगी क्योंकि उन दोनों की प्रारंभिक दौर में मुलाकात हो चुकी है, जहां भारत को हार का सामना करना पड़ा था।

पूल बी व पूल सी की शीर्ष दो-दो टीमों को मिलाकर बना पूल एफ

उसी प्रकार दूसरे दौर के पूल एफ में मौजूदा विश्व चैम्पियन जर्मनी व बेल्जियम (पूल बी) और ऑस्ट्रेलिया व स्पेन (पूल डी) को रखा गया है। इस पूल की भी शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।

पूल जी व पूल एच के जरिए नौवें से 16वें स्थान की टीमों की होगा निर्धारण

उधर दूसरे दौर के पूल जी में प्रारंभिक पूल ए व डी की तीसरे व चौथे स्थान की टीमों यानी न्यूजीलैंड व जापान (पूल ए) व पाकिस्तान व वेल्स (पूल डी) को रखा गया है। इसी प्रकार दूसरे दौर के पूल एच में प्रारंभिक पूल बी व पूल सी की शीर्ष दो-दो टीमें यानी फ्रांस व मलेशिया (पूल बी) और आयरलैंड व दक्षिण अफ्रीका (पूल सी) को रखा गया है। हालांकि पूल जी व पूल एच के मैचो के जरिए नौवें से 16वें स्थान की टीमों का निर्धारत होगा।

महिला वर्ग में भी टीमों को उसी प्रकार बांटा गया

यदि महिला वर्ग में दूसरे दौर की बात करें तो वहां भी पूल ई में प्रारंभिक पूल ए व डी की शीर्ष दो-दो यानी नीदरलैंड्स व ऑस्ट्रेलिया (पूल ए) और चीन व भारत (पूल डी) को जगह दी गई है। इसमें भी शीर्ष दो टीमें सेमीफाइऩल में पहुंचेंगी जबकि तीसरी व चौथी टीमें पांचवें से आठवें स्थान के निर्धारण के लिए मुकाबला करेंगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular