थाईलैंड ओपन : सिंधु व लक्ष्य की हार से एकल में भारतीय चुनौती खत्म, सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में पहुंचे
बैंकॉक, 15 मई। पूर्व विश्व नंबर एक पीवी सिंधु और मौजूदा समय देश के शीर्षस्थ पुरुष शटलर लक्ष्य सेन शुक्रवार को यहां थाईलैंड ओपन के क्वार्टर फाइनल में परास्त हो गए। इसके साथ ही पांच लाख डॉलर ईनामी सुपर 500 टूर्नामेंट के एकल वर्ग से भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। फिलहाल सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी की विश्व नंबर चार जोड़ी ने पुरुष युगल में अपना अभियान जारी रखते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
Akane Yamaguchi 🇯🇵 and Pusarla V. Sindhu 🇮🇳 collide for a spot in the semifinals.#BWFWorldTour #ThailandOpen2026 pic.twitter.com/P05jn2NfUE
— BWF (@bwfmedia) May 15, 2026
टॉप सीड यामागुची के खिलाफ एक गेम की बढ़त नहीं बचा सकीं सिंधु
निमिबुत्र स्टेडियम के कोर्ट नंबर एक पर दिन का दूसरा मैच खेलने उतरीं दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता व छठी वरीयता प्राप्त सिंधु एक गेम की बढ़त बरकरार नहीं रख सकीं और शीर्ष वरीयता प्राप्त जापानी अकाने यामागुची के हाथों 61 मिनट तक खिंची कश्मकश 21-19, 18-21, 15-21 से गंवा बैठीं। विश्व रैंकिंग में संप्रति 12वें नंबर पर काबिज 30 वर्षीय सिंधु का इस हार के साथ ही अब विश्व नंबर तीन यामागुची के खिलाफ मैच रिकॉर्ड घटकर 15-13 रह गया है।
विश्व नंबर दो वितिदसर्न से संघर्ष के बाद हारे लक्ष्य
उधर 2021 की विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता व संप्रति विश्व रैंकिंग में 11वें नंबर पर काबिज लक्ष्य सेन कोर्ट नंबर एक पर ही खेले गए दिन के नौवें व अंतिम मैच में कड़ी चुनौती प्रस्तुत करने के बावजूद दूसरी सीड थाईलैंड के कुंलावुत वितिदसर्न से पार नहीं पा सके। विश्व नंबर दो वितिदसर्न ने छठी सीड सेन को 53 मिनट तक खिंचे सीधे गेमों में 21-19, 21-16 से शिकस्त दी।
Satwik-Chirag Storm into the Semis! 🇮🇳🏸
The Indian powerhouse duo has done it again! Satwiksairaj Rankireddy and Chirag Shetty delivered a masterclass in the Quarter-Finals of the Thailand Open 2026.
📸 @badmintonphoto pic.twitter.com/wP0QuK34Z9
— BAI Media (@BAI_Media) May 15, 2026
सात्विक-चिराग ने जापानी टीम को सीधे गेमों में मात दी
फिलहाल सर्वोच्च वरीय सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी को आगे बढ़ने में तनिक भी दिक्कत नहीं हुई। इस ख्यातिनाम जोड़ी ने कोर्ट नंबर पर खेले गए दिन के पहले ही मैच में छठी वरीयता प्राप्त जापानी ताकुमी नोमूरा व युइची शिमोगामी 41 मिनट में 21-12, 21-13 से शिकस्त दी।
बैंकॉक में तीसरी बार खिताब से दो कदम दूर भारतीय जोड़ी
उल्लेखनीय है कि चिराग व सात्विक यहां पहले दो बार (2019 2024) में चैम्पियन रह चुके हैं। हालांकि इस वर्ष अब तक कोई खिताब उनके हाथ नहीं लग सका है। फाइनल में प्रवेश के लिए शनिवार को उनकी तीसरे वरीय मलेशियाई गोह से फेई व नूर इज्जुद्दीन से मुलाकात होगी।
