1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ICC ने घोषित किया नया प्रारूप : एक दिनी विश्व कप में अब सुपर-7 चरण, टी20 विश्व कप में सुपर-10 चरण
ICC ने घोषित किया नया प्रारूप : एक दिनी विश्व कप में अब सुपर-7 चरण, टी20 विश्व कप में सुपर-10 चरण

ICC ने घोषित किया नया प्रारूप : एक दिनी विश्व कप में अब सुपर-7 चरण, टी20 विश्व कप में सुपर-10 चरण

0
Social Share

एडिनबरा, 15 जुलाई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने एक दिनी विश्व कप और टी20 विश्व कप के लिए नया प्रारूप तय कर दिया है। विश्व क्रिकेट की नियामक संस्था ने बुधवार को नए प्रारूप की घोषणा करते हुए बताया कि 2027 वनडे विश्व कप फाइनल तक पहुंचने के लिए तीन चरण की प्रतिस्पर्धा खेली जाएगी और 2028 टी20 विश्व कप में सुपर-8 की जगह दो टीमें जोड़कर सुपर-10 चरण कर दिया जाएगा। आईसीसी की सालाना बैठक में लिए गए इन फैसलों का उद्देश्य दोनों टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा को और अधिक रोमांचक बनाना है।

2027 वनडे विश्व कप में सेमीफाइनल से पहले सुपर-7 चरण

दक्षिण अफ्रीका में प्रस्तावित 2027 वनडे विश्व कप में पूर्व योजना के अनुसार 14 टीमें ही भाग लेंगी, जो पिछले चरण की 10 टीमों से अधिक हैं। हालांकि टूर्नामेंट को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए संचालन संस्था ने ‘ग्रुप दौर’ से पहले सुपर सीरीज और सेमीफाइनल से पहले सुपर-7 चरण को शामिल किया है।

आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप में 14 योग्य टीमें भाग लेंगी

आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप में 14 योग्य टीमें भाग लेंगी। लेकिन संशोधित प्रारूप के तहत फाइनल तक पहुंचने के लिए तीन चरण की प्रतियोगिता होगी, जिससे टूर्नामेंट के हर मैच का महत्व बढ़ेगा और शुरुआत से लेकर फाइनल तक प्रतिस्पर्धा रोमांचक बनी रहेगी।

इस प्रकार सुपर-7 चरण का होगा निर्धारण

टूर्नामेंट के लिए 12वें से 14वें स्थान पर क्वालीफाई करने वाली टीम पहले सुपर सीरीज दौर खेलेंगी। इसमें सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम दूसरे चरण में पहुंचेगी, जहां छह टीमों को दो समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष तीन टीमें और दोनों ग्रुप में अगली सबसे बेहतर टीम सुपर-7 चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी (पहले यहां सुपर-6 चरण होना था)। सुपर-7 चरण की चार सर्वश्रेष्ठ टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

आईसीसी ने कहा, ‘इन बदलावों से हर मैच का महत्व बढ़ेगा और मुकाबले पहले से ज्यादा रोमांचक होंगे। इससे प्रशंसकों को बेहतर अनुभव मिलेगा, वहीं नई और उभरती टीम को भी क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता रहेगा।’

टूर्नामेंट में 10 टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी

इस टूर्नामेंट में 10 टीमें सीधे क्वालीफाई करेंगी। तीन मेजबान देशों में से दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे पूर्ण सदस्य देश होने के कारण अपने आप क्वालीफाई करेंगे। तीसरा मेजबान देश नामीबिया एसोसिएट सदस्य होने के कारण सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाएगा। वनडे रैंकिंग की शीर्ष आठ टीमें बाकी 10 स्थानों को पूरा करेंगी। बची हुई चार टीमें का फैसला वैश्विक क्वालीफायर के जरिए होगा।

2028 टी20 विश्व कप के प्रारूप पर एक नजर

वहीं ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में 2028 में प्रस्तावित टी20 विश्व कप में ग्रुप चरण के बाद अब सुपर-8 की जगह सुपर-10 चरण होगा। टूर्नामेंट में चार-चार टीमों के पांच ग्रुप बनाए जाएंगे। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर-10 में पहुंचेंगी।

पिछले चरण में सुपर-8 के प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंचती थीं। नए प्रारूप में अब प्रत्येक ग्रुप की केवल शीर्ष टीम ही सीधे अंतिम चार में पहुंचेगी। ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम विपरीत ग्रुप की तीसरे स्थान वाली टीम के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबला खेलेंगी, जिससे प्रतियोगिता में एक नया रोमांच जुड़ जाएगा।

आईसीसी ने कहा, ‘आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 में उभरती हुई टीमों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए दूसरे चरण में भाग लेने वाली टीम की संख्या आठ से बढ़ाकर 10 करने का फैसला किया गया है।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code