मुंबई, 16 जुलाई। अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘श्री रामभूमि’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। अयोध्या में शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात प्रसिद्ध लेखक और गीतकार स्वर्गीय राजा बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के पुत्र यतीन्द्र मिश्र और उनकी बहन मंजरी से हुई। इस खास मुलाकात की तस्वीरें और अनुभव अभिनेता ने सोशल मीडिया पर साझा किए हैं।
अनुपम खेर ने क्या लिखा?
अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा, “अयोध्या में शूटिंग के दौरान अपने प्रिय मित्र एवं लेखक/गीतकार राजा बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा जी के सुपुत्र श्री यतीन्द्र मिश्र और उनकी बहन मंजरी जी से उनके ऐतिहासिक निवास पर मिलना एक बेहद सुखद अनुभव रहा।” उन्होंने आगे लिखा कि यतीन्द्र मिश्र से उन्हें उनकी दो खूबसूरत पुस्तकें ‘गुलजार साब’ उपहार में मिलीं, जिससे उनका मन प्रसन्न हो गया।
अभिनेता ने मंजरी की आत्मीय मेहमाननवाजी और उनके हाथों के स्वादिष्ट भोजन की भी जमकर सराहना की। अनुपम खेर ने कहा कि साहित्य, संस्कृति, अयोध्या की विरासत और जीवन पर हुई लंबी बातचीत ने इस मुलाकात को यादगार बना दिया। उन्होंने यतीन्द्र मिश्र और मंजरी का स्नेह और अपनत्व के लिए आभार व्यक्त करते हुए लिखा कि “ऐसी मुलाकातें जीवनभर की स्मृतियों का हिस्सा बन जाती हैं।”
राम मंदिर आंदोलन पर आधारित है ‘श्री रामभूमि’
फिल्म ‘श्री रामभूमि’ राम मंदिर आंदोलन के इतिहास पर आधारित है। इसका निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह कर रहे हैं। फिल्म में अनुपम खेर विश्व हिंदू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्हें राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख सूत्रधारों में माना जाता है। फिल्म में राम मंदिर निर्माण से जुड़े दशकों लंबे संघर्ष, कानूनी लड़ाई और आस्था की यात्रा को बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।
अयोध्या में शुरू हुई शूटिंग
फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल अयोध्या में शुरू हो चुका है। रामलला के दर्शन करने के बाद अनुपम खेर ने फिल्म की शूटिंग शुरू की थी। फिल्म में अनुपम खेर के साथ ऋत्विक भौमिक और अमृता खानविलकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। जी स्टूडियो के बैनर तले बन रही इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।

