जगन्नाथ रथयात्रा 2026: अहमदाबाद में 149वीं रथयात्रा शुरू, पुरी में बारिश के बीच उमड़ा आस्था का सैलाब; राष्ट्रपति मुर्मु समेत नेताओं ने दी शुभकामनाएं

अहमदाबाद, 16 जुलाई। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के पावन अवसर पर शुक्रवार को देशभर में भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक उत्साह के साथ शुरू हुई। गुजरात के अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की 149वीं भव्य रथयात्रा निकाली गई, जहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने तड़के सपरिवार मंगला आरती में भाग लिया। वहीं, ओडिशा के पुरी में रुक-रुक कर हो रही बारिश के बावजूद लाखों श्रद्धालु महाप्रभु के दर्शन और रथ खींचने के लिए उमड़ पड़े। इस पावन अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सहित कई केंद्रीय मंत्रियों और राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

अहमदाबाद में पारंपरिक विधि-विधान के साथ निकली रथयात्रा

अहमदाबाद के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में सुबह चार बजे मंगला आरती का आयोजन हुआ, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सपरिवार पूजा-अर्चना की। इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने सदियों पुरानी परंपरा ‘पहिंद विधि’ का निर्वहन करते हुए सोने की झाड़ू से भगवान के रथ का मार्ग साफ किया। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए। रथयात्रा के 16 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने 31 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ 3,700 सीसीटीवी कैमरे और 100 ड्रोन निगरानी के लिए लगाए हैं।

पुरी में बारिश के बीच भी नहीं टूटा श्रद्धालुओं का उत्साह

ओडिशा के पुरी में देर रात से हो रही रुक-रुक कर बारिश और कई स्थानों पर जलभराव के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था अडिग रही। प्रशासन ने तीनों रथों को निर्धारित स्थानों पर पहुंचाकर सभी तैयारियां पूरी कर लीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन कार्यालय में ‘समर्पण’ नामक एडवांस्ड डिजिटल हुंडी का शुभारंभ किया। इस नई व्यवस्था के जरिए देश-विदेश के श्रद्धालु अब यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और व्हाट्सएप के माध्यम से भी मंदिर के विकास के लिए डिजिटल दान कर सकेंगे।

राष्ट्रपति मुर्मु समेत देश अन्य नेताओं ने दीं शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भक्त और भगवान के मिलन का अनुपम और भावनात्मक पर्व है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मनोहर लाल ने भी देशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं दीं। सभी नेताओं ने भगवान जगन्नाथ से देश में सुख, शांति, समरसता और समृद्धि की कामना की।

RELATED ARTICLES

Most Popular