19वें दिन भी अनशन पर डटे सोनम वांगचुक, बोले- ‘इतनी जल्दी नहीं मरने वाला’, 20 जुलाई को जनता से संसद पहुंचने की अपील

नई दिल्ली, 16 जुलाई। लद्दाख को संवैधानिक सुरक्षा और अन्य मांगों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर 28 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने बुधवार देर रात देशवासियों के नाम भावुक संदेश जारी किया। उनके अनशन का बुधवार को 19वां दिन है। वांगचुक ने अपनी सेहत को लेकर अपडेट साझा करते हुए कहा कि उनकी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य हैं और वे फिलहाल अपना अनशन जारी रखने की स्थिति में हैं। साथ ही उन्होंने 20 जुलाई को बड़ी संख्या में लोगों से संसद पहुंचकर आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।

‘अनशन तोड़ने से क्या बदलेगा?’

सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में सोनम वांगचुक ने कहा कि उन्हें देशभर से हजारों लोगों, वरिष्ठ नागरिकों और कई राजनीतिक नेताओं के संदेश मिल रहे हैं कि वे अपना अनशन समाप्त कर दें। कुछ लोगों ने अदालत से भी हस्तक्षेप की मांग की है। वांगचुक ने कहा, “अगर मैं खाना खा भी लूं, तो उससे क्या बदलेगा? सरकार को यही संदेश जाएगा कि जवाबदेही की कोई जरूरत नहीं है। लोग धरने पर बैठते हैं और फिर खुद ही उठकर चले जाते हैं।”

सोनम बोले- ‘मेडिकल रिपोर्ट सामान्य, अभी अनशन जारी रख सकता हूं’ अपनी सेहत पर जानकारी देते हुए वांगचुक ने समर्थकों को आश्वस्त किया कि उनकी स्थिति फिलहाल गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा, “मेरी हालत ऐसी नहीं है कि मैं दो-चार दिन में मर जाऊं। लगातार मेडिकल जांच हो रही है और 18 दिनों के अनशन के हिसाब से मेरी रिपोर्ट काफी सामान्य हैं। शरीर में कमजोरी है, मांसपेशियां कम हो रही हैं, लेकिन दिल ठीक तरह से काम कर रहा है। मैं अभी कई दिनों तक यह अनशन जारी रख सकता हूं।”

20 जुलाई को संसद पहुंचने की अपील

सोनम वांगचुक ने लोगों से सिर्फ उन्हें अनशन समाप्त करने की सलाह देने के बजाय आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा, “20 जुलाई को आप सभी बड़ी संख्या में सांसदों के साथ यहां आएं, ताकि सरकार तक एक मजबूत संदेश पहुंचे। जब यह मुद्दा संसद तक मजबूती से पहुंच जाएगा, तब मुझे भी भरोसा होगा कि लद्दाख की लड़ाई सही हाथों में चली गई है।”

20 जुलाई से मॉनसून सत्र, ‘चलो संसद’ मार्च का भी आह्वान

20 जुलाई से संसद का मॉनसून सत्र शुरू होने जा रहा है। इसी दिन जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे विभिन्न संगठनों की ओर से भी संसद तक शांतिपूर्ण मार्च का आह्वान किया गया है। इसी क्रम में सोनम वांगचुक ने भी देशभर के नागरिकों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular