फारूक अब्दुल्ला गरजे- ‘मोदी सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं, हमारा पड़ोसी पाकिस्तान हमारी रक्षा कर रहा’

बारामूला, 24 अक्टूबर। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार पर प्रहार करते हुए वैश्विक मंच पर कश्मीर मुद्दा उठाने का श्रेय पाकिस्तान को दिया है। उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार से न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती और हमारा पड़ोसी हमारी रक्षा कर रहा है।’

बारामूला में बोले – कश्मीरियों के प्रति भारत के इरादे ठीक नहीं

दरअसल, सीनियर अब्दुल्ला ने शनिवार को बारामूला में पार्टी कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए इस टिप्पणी से विवाद खड़ा कर दिया कि ‘पड़ोसी’ ने, जिसका स्पष्ट इशारा पाकिस्तान की ओर था, कश्मीर के लोगों की जान ‘बचाई’ है। उन्होंने कहा, ‘पड़ोसी (पाकिस्तान) कई जगहों पर जाकर कश्मीरियों के बारे में बात कर रहा है। इसी वजह से जम्मू-कश्मीर के लोग बचे हुए हैं। वरना, कश्मीरियों के प्रति भारत के इरादे ठीक नहीं हैं।’

पूर्व मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि वैश्विक दबाव के कारण केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर चुप है। उन्होंने आगे कहा, ‘आप दिल्ली से क्या उम्मीद कर सकते हैं? क्या आपको लगता है कि वे आपको न्याय दिलाएंगे? लड़ने की हिम्मत रखिए, वरना आप खत्म हो जाएंगे और आपकी पहचान मिट जाएगी। वे (भारत सरकार) आज दुनिया के दबाव के कारण चुप हैं। हमारा पड़ोसी हर जगह जाकर कहता है कि कश्मीर मुद्दा अब तक सुलझा नहीं है।’

भाजपा का जवाब : जम्मू-कश्मीर के विकास की तुलना PoK के हालात से की

इस बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फारूक अब्दुल्ला को जवाब देते हुए जम्मू-कश्मीर के विकास की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के हालात से कर दी। भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 हटाए जाने की वजह से ही जम्मू-कश्मीर भारत के साथ पूरी तरह से जुड़ पाया है।

आरपी सिंह ने कहा, ‘अब्दुल्ला को सीमा के उस पार भी देखना चाहिए और वहां के कश्मीरियों की बदहाल स्थिति पर गौर करना चाहिए। यहां कश्मीर तरक्की कर रहा है क्योंकि अनुच्छेद 370 को हटा दिया गया और कश्मीर पूरी तरह से भारत का हिस्सा बन गया।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular