गांधीनगर, 13 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बेंगलुरु व मैसुरु के व्यस्त कार्यक्रम के बाद देर शाम गृह राज्य गुजरात पहुंचे। अहमदाबाद हवाई अड्डा पहुंचने के बाद गांधीनगर स्थित लोक भवन गए, जहां राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उनका स्वागत किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्यपाल देवव्रत ने पीएम मोदी के नेतृत्व को सराहा
लोक भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, देवव्रत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कड़ी मेहनत, दूरदर्शी नेतृत्व और समर्पण हर नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दुनियाभर में भारत का मान बढ़ा है। राज्यपाल ने कहा, ‘प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गुजरात देश के विकास का इंजन बनकर उभरा है। राज्य ने प्राकृतिक खेती, औद्योगिक प्रगति और जनकल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं।’
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्रभाई मोदी जी का गुजरात लोकभवन में अत्यंत हर्ष और गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और प्रेरणा से गुजरात देश के विकास का ग्रोथ इंजन बनकर प्राकृतिक कृषि, औद्योगिक प्रगति और लोक-कल्याण के क्षेत्र में नित नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। https://t.co/YygwZlTxoy
— Acharya Devvrat (@ADevvrat) November 13, 2026
इस बीच पीएम मोदी का शनिवार को लाभ पंचमी के अवसर पर बनासकांठा जिले के प्रसिद्ध अंबाजी मंदिर जाने, पूजा-अर्चना करने और धार्मिक अनुष्ठान करने का कार्यक्रम रद कर दिया गया। राज्य सरकार ने शुक्रवार की रात यह घोषणा की। अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए बनासकांठा का दौरा रद
बनासकांठा जिले के रहने वाले गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मंदिर का दौरा इसलिए रद किय कि त्योहार के दौरान हर दिन लाखों श्रद्धालु मंदिर आते हैं और वह नहीं चाहते थे कि उन्हें किसी तरह की परेशानी हो।


