असम में भीषण सड़क हादसा : दो वाहनों की टक्कर में 26 लोगों की मौत, कई अन्य घायल

काजीरंगा (असम), 13 नवम्बर। असम के काजीरंगा के रंगाजन में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रैवलर (मिनी बस) ने ट्रक को सामने से टक्कर मार दी, जो बोकाखाट से नागांव की ओर जा रही थी। हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए।

मिनी बस के अधिकतर यात्री छात्र

बताया जा रहा है कि ट्रैवलर (मिनी बस) में ज्यादातर यात्री छात्र थे। अधिकतम 27 यात्रियों की क्षमता वाली दुर्घटनाग्रस्त ट्रैवलर का रजिस्ट्रेशन नंबर एएस 02 एसी 6690 है और ड्राइवर की पहचान अब्दुल मजीद के तौर पर हुई है।

स्थानीय लोगों के साथ पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

टक्कर के बाद कई यात्री गाड़ी के अंदर फंस गए, जिन्हें निकालने के लिए स्थानीय लोगों और पुलिसवालों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह हादसा नेशनल हाईवे 715 पर कोहोरा रेंज में हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में हुआ, जब यात्रियों से भरी मिनी बस ट्रक से टकरा गई।

सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने जताया हादसे पर दुख

इस बीच असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘आज काजीरंगा में हुई दुखद दुर्घटना से मुझे गहरा आघात लगा है। इस नुकसान ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। कोई भी शब्द उनके दुख को पाट नहीं सकता। लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि वे अकेले नहीं है। दुख की इस घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है।’

हिमंत सरमा ने यह भी कहा, ‘हमें प्राथमिक तौर पर यह सुनिश्चित करना है कि घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन मेडिकल फैसिलिटी मिले। माननीय मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर मौजूद हैं। रेस्क्यू कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। मैं घायलों को जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना करता हूं।’

असम के मंत्री बोरा राहत व बचाव की देखरेख कर रहे

असम के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री अतुल बोरा, जो स्थानीय विधायक भी हैं, तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव के काम की देखरेख कर रहे थे। घायल लोगों को कोहोरा मॉडल हॉस्पिटल ले जाया गया और ज़्यादातर गंभीर रूप से घायल लोगों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

अतुल बोरा ने कहा, ‘मिनी बस बहुत तेज स्पीड से चल रही थी, पार्क के पास लगी पाबंदियों को तोड़ रही थी। हमें लगता है कि यह हादसा तब हुआ, जब मिनीबस के ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और गाड़ी कंटेनर ट्रक से टकरा गई।

अतिरिक्त जिला आयुक्त जिंटू बोरा ने बताया कि मृतकों का पोस्टमॉर्टम गोलाघाट के स्वाहिद कुशल कोंवर सिविल हॉस्पिटल में रात में किया जाएगा और रोशनी का खास इंतज़ाम किया जाएगा। वहीं एक अन्य अधिकारी ने कहा कि गोलाघाट जिला प्रशासन हादसे की वजह का पता लगाने के लिए पूरी जांच करेगा और यह पता लगाएगा कि क्या दोनों गाड़ियों ने काज़ीरंगा नेशनल पार्क के पास यात्री क्षमता और गति सीमा के नियमों सहित ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया था।

प्रियंका गांधी ने जताया दुख

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा, ‘काजीरंगा, असम में हुए भीषण सड़क हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular