नागोया, 24 अक्टूबर। एशियाई महाद्वीप के पैरा खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धियों और मेजबान जापान की सांस्कृतिक विरासत व मेहमाननवाजी की शानदार झलक के साथ संगीत व रोशनी से सजे रंगारंग समारोह के साथ शनिवार की शाम मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम पांचवें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026 Asian Para Games) का रंगारंग समापन हो गया।
45 देशों व क्षेत्रों के लगभग 4000 खिलाड़ियों के बीच एक सप्ताह तक विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हुई रोमांचक के कश्मकश बाद मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में लगभग एक घंटे तक चले समारोह के दौरान उत्सवी माहौल दिखा। अंततः प्रतिभागी देशों के खिलाड़ियों ने ‘बॉय-बॉय आइची-नागोया…दोहा में फिर मिलेंगे’ के वादे के साथ एक-दूसरे से विदाई ली। खेलों का छठा संस्करण 2030 में दोहा में आयोजित किया जाएगा।
एशियाई पैरालम्पिक कमिटी के अध्यक्ष माजिद राशद ने खेलों के समापन की घोषणा की
एशियाई पैरा खेलों के समापन समारोह में एथलीट, अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति एक साथ नजर आए। एशियाई पैरालम्पिक कमिटी के अध्यक्ष माजिद राशद ने खेलों के समापन की घोषणा की। उन्होंने पूरे एशिया में पैरा स्पोर्ट्स की बढ़ती ताकत और एक अधिक समावेशी समाज बनाने में इसकी भूमिका पर जोर दिया।
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने भी एथलीटों के दृढ़ संकल्प, टीम वर्क और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को पैरा स्पोर्ट्स की ‘गहरी सुंदरता’ की याद दिलाने वाला बताया।
शूटर मोना व एथलीट निषाद भारतीय दल के ध्वजवाहक बने
एशियाई पैरा खेलों के मौजूदा संस्करण में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दो-दो स्वर्ण पदक अपने नाम करने वाले एथलीट निषाद कुमार व पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने समारोह में तिरंगे के साथ भारत दल की अगुआई की।
भारतीय दल का ऐतिहासिक प्रदर्शन, हांगझू 2023 का रिकॉर्ड ध्वस्त
भारतीय दल के प्रदर्शन की बात करें तो उसने कुल 114 पदकों (30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य) के ऐतिहासिक प्रदर्शन के साथ अपना सफर पूरा किया। इस दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने 2023 में हांगझू में जीते गए 111 पदकों (29 स्वर्ण, 31 रजत और 51 कांस्य) के पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने अभूतपूर्व सफलता पर खिलाड़ियों को दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को पैरा एशियाई खेल 2026 में भारतीय पैरा खिलाड़ियों की अभूतपूर्व सफलता की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ‘यह बहुत खुशी और गर्व की बात है कि हमारे पैरा-एथलीट्स ने पैरा एशियाई खेल 2026 में 114 पदकों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या के साथ अभूतपूर्व सफलता हासिल की है।’
It is a matter of great joy and pride that our para-athletes have achieved unprecedented success at the Asian Para Games 2026, with the highest-ever tally of 114 medals. This extraordinary success, powered by hard work, perseverance and a firm self-belief among Team India has set an example that inspires our young people to remain undaunted by constraints, dream big, work with dedication and always remain positive. I once again express my heartiest congratulations to the entire Indian contingent.
— President of India (@rashtrapatibhvn) October 24, 2026
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, ‘टीम इंडिया की कड़ी मेहनत, लगन और खुद पर पक्के विश्वास से मिली यह असाधारण सफलता एक मिसाल कायम करती है। यह हमारे युवाओं को प्रेरित करती है कि वे मुश्किलों से न डरें, बड़े सपने देखें, पूरी लगन से काम करें और हमेशा सकारात्मक रहें। मैं एक बार फिर पूरी भारतीय टीम को हार्दिक बधाई देती हूं।’


