मुंबई, 7 नवंबर। निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर अभिनेता अनुपम खेर ने जमकर तारीफ की है। फिल्म देखने के बाद अनुपम खेर इतने भावुक हो गए कि उनकी आंखों से आंसू तक नहीं रुके। अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर फिल्म से जुड़ा अपना अनुभव बताया। उन्होंने रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के अभिनय की जमकर सराहना की। अनुपम ने फिल्म को भारतीय सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों में से एक बताते हुए कहा कि इसे देखकर उन्हें अपने देश और संस्कृति पर गर्व महसूस हुआ।
‘100 साल से भी ज्यादा समय बाद देखी ऐसी बेहतरीन फिल्म’
अनुपम खेर ने वीडियो में बताया कि वह स्टॉकहोम में करीब 500 लोगों से भरे सिनेमाघर में ‘रामायण’ देखकर लौटे हैं। फिल्म ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उनके पास अपनी भावनाएं जाहिर करने के लिए शब्द नहीं थे। अभिनेता ने कहा, “मैं अभी फिल्म रामायण देखकर आया हूं। क्या कमाल की फिल्म है। ऐसा लगता है कि इस पर प्रभु श्रीरामचंद्र जी का हाथ था। मुझे लगता है कि 100 साल से भी ज्यादा समय बाद इकलौती बेहतरीन फिल्म अब रिलीज हुई है। आमतौर पर मेरे पास अपनी बात कहने के लिए शब्दों की कमी नहीं होती, लेकिन आज मेरे पास अपने भावों को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं।”
उन्होंने बताया कि फिल्म देखने के लिए स्टॉकहोम में बड़ी संख्या में युवा भी पहुंचे थे। फिल्म खत्म होने के बाद जब वहां मौजूद युवा इसकी तारीफ कर रहे थे, तो उन्हें काफी गर्व महसूस हुआ। अनुपम के मुताबिक, यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति और विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का शानदार प्रयास है।
रणबीर कपूर के राम के किरदार की जमकर तारीफ
अनुपम खेर ने भगवान राम की भूमिका निभा रहे रणबीर कपूर के अभिनय की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि रणबीर ने इस चुनौतीपूर्ण किरदार को बेहद सलीके और खूबसूरती से निभाया है। उनका यह किरदार आने वाले कई वर्षों तक याद रखा जाएगा। अनुपम ने रणबीर की तुलना पहले भगवान राम का किरदार निभा चुके अभिनेता अरुण गोविल से करते हुए कहा कि रणबीर ने पुराने रामायण के जादू को बरकरार रखते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा, “अरुण गोविल ने पहले प्रभु श्रीराम का किरदार निभाया था और रणबीर, तुमने उस सोच को तोड़ दिया। उस रामायण के जादू को बरकरार रखते हुए तुमने कुछ ऐसा बना दिया है, जो सच में कमाल है।”
यश और साई पल्लवी को लेकर भी कही बड़ी बात
फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे अभिनेता यश की तारीफ करते हुए अनुपम खेर ने कहा कि उन्होंने शानदार काम किया है। उन्होंने फिल्म की लंबाई और दर्शकों को लगातार बांधे रखने की क्षमता का भी जिक्र किया।
अनुपम ने कहा कि तीन घंटे तक बिना फोकस, एनर्जी और ताकत खोए दर्शकों को बांधे रखना बड़ी उपलब्धि है।
वहीं, मां सीता की भूमिका निभा रहीं साई पल्लवी के अभिनय को भी उन्होंने पसंद किया। अनुपम के मुताबिक, सीता का किरदार निभाना आसान नहीं है। वह केवल सुंदर और सरल महिला ही नहीं, बल्कि महान नारी, त्याग की प्रतिमूर्ति, योद्धा और भगवान राम की शक्ति भी हैं।
जटायु के किरदार में अनुपम खेर ने दी अपनी आवाज
फिल्म से अनुपम खेर का जुड़ाव केवल दर्शक के तौर पर नहीं है। उन्होंने फिल्म में जटायु के किरदार को अपनी आवाज दी है। इसके अलावा फिल्म की शुरुआत में नैरेशन भी किया है।अभिनेता ने बताया कि जटायु की लड़ाई वाला दृश्य उन्हें बेहद पसंद आया और यह फिल्म के सबसे शानदार दृश्यों में से एक है। उन्होंने अपनी डबिंग और फिल्म के नैरेशन पर भी खुशी जाहिर की। अनुपम ने फिल्म के अंतिम दृश्य का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें सनी देओल की भगवान हनुमान के अवतार में हल्की-सी झलक देखने को मिली, जो उन्हें काफी अच्छी लगी।
सिनेमाघर में गूंजे जय श्रीराम के नारे, तालियों से गूंज उठा हॉल
अनुपम खेर ने बताया कि स्टॉकहोम में फिल्म देखने का अनुभव उनके लिए बेहद यादगार रहा। फिल्म समाप्त होने के बाद पूरा सिनेमाघर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और दर्शकों ने जय श्रीराम के नारे लगाए। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि करीब 500 लोगों से भरे सिनेमाघर में फिल्म देखकर उनका दिल खुशी और गर्व से भर गया। उन्होंने इसे अपना रिव्यू नहीं, बल्कि दिल से निकली तारीफ बताया।


