Draupadi Murmu Birthday : राष्ट्रपति मुर्मू को जन्मदिन पर देशभर से शुभकामनाएं, पीएम मोदी ने बताया प्रेरणादायक व्यक्तित्व

नई दिल्ली, 20 जून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के जन्मदिन पर उन्हें देशभर से बधाई संदेश मिल रहे हैं। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित विभिन्न नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है और उनके लंबे, स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू का जीवन साहस, सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने यह भी कहा कि वह आज ओडिशा में होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रपति से मिलने के लिए उत्सुक हैं।

राधाकृष्णन ने शनिवार को मुर्मू को जन्मदिन की बधाई देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। राष्ट्रपति मुर्मु जी ने हमेशा वंचित वर्गों के हितों की वकालत की है और खुद को राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया है। समावेशी विकास और सामाजिक कल्याण के प्रति उनकी अद्भुत प्रतिबद्धता देश भर के लोगों को प्रेरित करती रहती है।” उन्होंने कहा, “सादगी, विनम्रता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण से भरा उनका जीवन और सार्वजनिक सफर देश भर के अनगिनत लोगों को प्रेरित करता है। मैं उनके लंबे, स्वस्थ और सुखद जीवन की कामना करता हूँ, ताकि वे राष्ट्र की सेवा में अपना योगदान देती रहें।”

वहीं, मोदी ने एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। साहस, सादगी, विनम्रता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण से भरी उनकी जीवन-यात्रा देश भर के लोगों को प्रेरित करती रही है।” उन्होंने कहा, “सार्वजनिक जीवन में अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने देश की बेहतरीन सेवा की है और वह विशेष रूप से वंचित और हाशिए पर रहने वाले लोगों के कल्याण के प्रति समर्पित रही हैं। भारत के विकास के प्रति उनका अटूट समर्पण बहुत प्रेरणादायक है। ईश्वर उन्हें देश की सेवा में लंबा और स्वस्थ जीवन प्रदान करे। मैं आज ओडिशा में होने वाले कार्यक्रम में उनसे मिलने के लिए उत्सुक हूँ।”

राजनाथ सिंह ने मुर्मू को जन्मदिन की बधाई देते हुए एक्स पर लिखा, “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ। उन्होंने अपना जीवन समाज की सेवा और लोगों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित किया है। समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और नागरिकों के कल्याण के प्रति अपनी समझदारी और प्रतिबद्धता के ज़रिए वह जन-सेवा की सच्ची भावना का प्रतिनिधित्व करती हैं। राष्ट्र की सेवा में उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लंबी उम्र की कामना करता हूँ।”

हरदीप सिंह पुरी ने बताया आदर्श नेता

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राष्ट्रपति मुर्मु को एक आदर्श नेता बताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणादायक जीवन-यात्रा साहस, दृढ़ता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्रपति के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

शिवराज सिंह चौहान ने लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल बताया

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राष्ट्रपति मुर्मु को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साधारण पृष्ठभूमि से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा भारतीय लोकतंत्र की ताकत को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का जीवन विशेष रूप से महिलाओं और वंचित वर्गों को बड़े सपने देखने तथा समाजसेवा के लिए प्रेरित करता है।

अन्य नेताओं ने भी दी शुभकामनाएं

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने राष्ट्रपति मुर्मु के जीवन-सफर, जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और संविधान के आदर्शों के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। वहीं, अल्पसंख्यक कार्य एवं मत्स्य पालन राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने भी राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य, सुख और सफलता की कामना की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular