नई दिल्ली, 11 नवम्बर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को नई दिल्ली में स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 प्रदान किए। इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि किसी एक संस्था के अकेले के प्रयासों से स्वच्छता के लक्ष्यों को प्राप्त नहीं किया जा सकता है। इसके लिए हर नागरिक, हर घर, हर समुदाय और हर शहर की सहभागिता आवश्यक है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने इस बात पर जोर दिया कि स्वच्छता केवल सार्वजनिक स्थानों की सुंदर स्थिति का प्रश्न नहीं है। उन्होंने कहा, ‘यह हमारे स्वास्थ्य, सामाजिक संवेदनशीलता और प्रशासनिक उत्तरदायित्व का भी परिचायक है। यह हमारे घरेलू व्यवहार एवं आदतों का भी द्योतक होता है।’
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, ‘हर नागरिक को, विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों और सामुदायिक संगठनों को, स्वच्छता से जुड़े विभिन्न पहलुओं से जुड़ना चाहिए। उन्हें अपने अनुभवों के साथ ही उन कमियों को भी रिपोर्ट करना चाहिए, जिनके समाधान हमारे शहरों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में मदद कर सकते हैं। इससे नगर प्रशासन और नागरिकों के बीच निरंतर संवाद को बढ़ावा मिलेगा और आपसी विश्वास, पारदर्शिता तथा जवाबदेही मजबूत होगी।’
आस-पास स्वच्छता परखने के लिए नागरिक ही सबसे बेहतर निर्णायक
उन्होंने कहा कि अपने आस-पास के इलाकों की स्वच्छता को परखने के लिए नागरिक ही सबसे बेहतर निर्णायक होते हैं। इसलिए, नागरिकों के फीडबैक का उपयोग केवल किसी सर्वेक्षण या रैंकिंग तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसके बजाय, इस फीडबैक का उपयोग नगरपालिका सेवाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय चुनौतियों का समाधान करने के एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में किया जाना चाहिए।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में प्रभावी, किफायती और सुरक्षित तकनीकें विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि कई आईआईटी और अन्य वैज्ञानिक शोध संगठनों के साथ विभिन्न संस्थान इस दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
टियर-2 व टियर-3 शहरों की क्षमताएं बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत
उन्होंने कहा कि टियर-2 और टियर-3 शहरों की क्षमताएं बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है क्योंकि ये ही वे शहर हैं जो सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं। इनकी आवश्यकताएं और चुनौतियां अलग-अलग हैं। इनका विकास एक ऐसे राष्ट्रीय ढांचे के भीतर होना चाहिए, जो इनकी विशिष्ट समस्याओं और चुनौतियों का समाधान कर सके। उन्होंने कहा कि टियर-2 शहरों के नियोजक, टियर-1 शहरों की वर्तमान समस्याओं से सीख सकते हैं और ऐसा करने के लिए, उन्हें टियर-1 शहरों के नियोजकों के अनुभवों का अध्ययन करना चाहिए।
सर्वेक्षण की प्रमुख विजेताओं और श्रेणियों की सूची :-
शीर्ष स्वच्छ शहर (नेशनल क्लीन सिटी / शीर्ष स्थान)
पहला स्थान : नवी मुंबई (महाराष्ट्र)।
दूसरा स्थान : सूरत (गुजरात)।
तीसरा स्थान : विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश)।
विशिष्ट और अन्य प्रमुख श्रेणियां
मेंटर सिटी (Mentor City) श्रेणी :
- अहमदाबाद (पहला स्थान – मेंटी सिटी : साणंद)
- इंदौर (दूसरा स्थान – मेंटी सिटी : देपालपुर)
- तिरुपति (तीसरा स्थान – मेंटी सिटी : कुप्पम)
नदी किनारे बसे सबसे स्वच्छ शहर (Swachh River Front Town) :
- पहला स्थान : रीवा (मध्य प्रदेश)।
- दूसरा स्थान : बिलासपुर (छत्तीसगढ़)।
- तीसरा स्थान : वाराणसी (उत्तर प्रदेश)।
सबसे स्वच्छ तटीय शहर (Swachh Coastal Town) :
- पहला स्थान : पुरी (ओडिशा)।
- दूसरा स्थान : अलाप्पुझा (केरल)।
- तीसरा स्थान : रत्नागिरी (महाराष्ट्र)।
हिमालयी शहरों की श्रेणी (Clean Himalayan City) :
- पहला स्थान : रुद्रपुर (उत्तराखंड)।
- दूसरा स्थान : जम्मू (जम्मू-कश्मीर)।
- तीसरा स्थान : शोपियां (जम्मू-कश्मीर)।
राष्ट्रीय स्तर पर अन्य शहर :
लखनऊ नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया।


