राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : 178 RAS अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में नए ADM और SDM की नियुक्ति
जयपुर, 20 जून। राजस्थान सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए शनिवार को 178 राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी कर दिए। कार्मिक (क-4) विभाग द्वारा जारी इस व्यापक सूची में राज्य के विभिन्न विभागों, विकास प्राधिकरणों, विश्वविद्यालयों, जिला प्रशासन और स्थानीय निकायों में कार्यरत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आदेश संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा राज्यपाल की आज्ञा से जारी किए गए हैं और सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।
फेरबदल के तहत संयुक्त शासन सचिव (मुख्य सचिव कार्यालय) मुकेश कुमार शर्मा को सचिव, राज्य सूचना आयोग, जयपुर नियुक्त किया गया है। राजस्थान स्टेट बेवरेजेज कॉर्पोरेशन के कार्यकारी निदेशक गौरव चतुर्वेदी को राजस्थान बीज निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के संयुक्त शासन सचिव प्रवीण कुमार लेखरा को राजस्थान सिविल सेवा अपीलीय अधिकरण, जयपुर का रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार ने कई विश्वविद्यालयों और विकास प्राधिकरणों में भी बदलाव किए हैं। झालावाड़ के अतिरिक्त जिला कलक्टर अनुराग भार्गव को वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा का रजिस्ट्रार बनाया गया है। वहीं, कोटा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार राजपाल सिंह को उदयपुर विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है। सिरोही जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार को कोटा विश्वविद्यालय का रजिस्ट्रार बनाया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल के दौरान बीकानेर के अतिरिक्त संभागीय आयुक्त अरविंद सारस्वत को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में संयुक्त शासन सचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि स्थानीय निकाय विभाग की अतिरिक्त निदेशक सीमा कुमार को मुख्य सचिव कार्यालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के मंत्री के विशिष्ट सहायक के रूप में डॉ. विभु कौशिक की नियुक्ति की गई है।
जिला प्रशासन में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। हनुमानगढ़ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश बिश्रोई को भू-प्रबंध अधिकारी, जोधपुर नियुक्त किया गया है। हनुमानगढ़ के अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंकरिया को अतिरिक्त जिला कलक्टर, नागौर बनाया गया है, जबकि डूंगरपुर के अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविंद कुमार जाखड़ को न्याय विभाग, जयपुर में शासन उप सचिव नियुक्त किया गया है। जोधपुर के अतिरिक्त जिला कलक्टर-द्वितीय उम्मेदी लाल मीणा को अतिरिक्त जिला कलक्टर, हनुमानगढ़ भेजा गया है।
भीलवाड़ा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चन्द्रभान सिंह भाटी को जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय, जोधपुर का रजिस्ट्रार बनाया गया है। बूंदी के अतिरिक्त जिला कलक्टर राम किशोर मीणा को जोधपुर में अतिरिक्त जिला कलक्टर-द्वितीय की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सी.ए.डी. बीकानेर की उपायुक्त हरितीमा को अतिरिक्त जिला कलक्टर, भीलवाड़ा नियुक्त किया गया है। सरकार ने कई अधिकारियों को जिला परिषदों और विकास प्राधिकरणों में भी नई जिम्मेदारियां दी हैं। जालौर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नन्दकिशोर राजोरा को जिला परिषद, भीलवाड़ा का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है।
जयपुर के परिवहन उपायुक्त राकेश कुमार मीणा-द्वितीय को जिला परिषद, टोंक का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। प्रतापगढ़ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्वत सिंह चुण्डावत को अतिरिक्त जिला कलक्टर, बांसवाड़ा भेजा गया है, जबकि बूंदी जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा को अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) न्यायालय, कोटा की जिम्मेदारी दी गई है। सूची में अनेक अतिरिक्त जिला कलक्टर (ADM) और उपखण्ड अधिकारियों (SDM) के तबादले भी शामिल हैं। करौली के अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमराज परिडवाल को मत्स्य विश्वविद्यालय, अलवर का रजिस्ट्रार बनाया गया है।
भरतपुर के अतिरिक्त जिला कलक्टर घनश्याम शर्मा को जिला आबकारी अधिकारी, जयपुर नियुक्त किया गया है, जबकि जालौर के अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेश मेवाड़ा को प्रशासनिक सुधार विभाग में अतिरिक्त निदेशक बनाया गया है। श्रीगंगानगर की अतिरिक्त जिला कलक्टर (सतर्कता) रीना को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर), बीकानेर नियुक्त किया गया है। फेरबदल के तहत प्रदेश के अनेक उपखण्ड अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आमेट के उपखण्ड अधिकारी गोविन्द सिंह को घाटोल, बांसवाड़ा का उपखण्ड अधिकारी बनाया गया है।
कुचामनसिटी के उपखण्ड अधिकारी विश्वामित्र मीणा को मंडावा, झुन्झुनू भेजा गया है। मकराना के उपखण्ड अधिकारी अंशुल सिंह को टोडारायसिंह, टोंक का उपखण्ड अधिकारी नियुक्त किया गया है। आसपुर के उपखण्ड अधिकारी बाबूलाल जाट को मकराना, जबकि बायतू के उपखण्ड अधिकारी बद्री नारायण को धोरीमन्ना, बालोतरा का उपखण्ड अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा कई अधिकारियों को प्रशासनिक सुधार विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगर निगमों, राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद, राजस्व विभाग और अन्य संस्थानों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
राज्य सरकार ने पूर्व में 13 मई 2026 और 15 सितंबर 2025 को जारी कुछ अधिकारियों के तबादला आदेशों को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। साथ ही स्थानीय निकाय विभाग के क्षेत्रीय उप निदेशक मुकेश कुमार मूंड को उनके वर्तमान पद के साथ अतिरिक्त निदेशक, स्थानीय निकाय विभाग, जयपुर का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। कार्मिक विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी बिना किसी अवकाश अथवा कार्यग्रहणकाल का उपभोग किए तत्काल अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करेंगे और इसकी सूचना ऑनलाइन माध्यम से विभाग को उपलब्ध कराएंगे। इस व्यापक फेरबदल को राज्य प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और विभिन्न विभागों में प्रशासनिक संतुलन स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
