सोनम वांगचुक को अस्पताल ले गई दिल्ली पुलिस, बिगड़ती सेहत के बीच जंतर-मंतर खाली करने की अपील

नई दिल्ली, 18 जुलाई। जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस अस्पताल लेकर गई। पुलिस का कहना है कि उनकी लगातार बिगड़ती सेहत और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के मद्देनजर उन्हें तत्काल चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध कराना जरूरी था। इसके साथ ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर को शांतिपूर्ण तरीके से खाली करने की अपील भी की है।

सुबह प्रदर्शन स्थल पर पहुंची पुलिस टीम

शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम जंतर-मंतर पहुंची और सोनम वांगचुक को अपने साथ अस्पताल ले गई। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताया और नारेबाजी की। वहीं, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस कार्रवाई का विरोध किया।

दिल्ली पुलिस ने बताई अस्पताल ले जाने की वजह

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश और सरकारी डॉक्टरों की सलाह के अनुसार की गई है। पुलिस के मुताबिक, सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति लगातार बिगड़ रही थी। ऐसे में उनकी जान की सुरक्षा और आवश्यक इलाज सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रदर्शन के दौरान हुई हल्की अफरा-तफरी

पुलिस ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते समय कुछ प्रदर्शनकारियों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की, जिससे थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस ने संयम बरतते हुए पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्वक और सुरक्षित तरीके से पूरा किया।

जंतर-मंतर खाली करने की अपील

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए जंतर-मंतर को शांतिपूर्ण तरीके से खाली करें। पुलिस का कहना है कि सभी आवश्यक कदम अदालत के आदेशों के अनुरूप उठाए जा रहे हैं।

हाईकोर्ट ने दिए थे नियमित मेडिकल जांच के निर्देश

गौरतलब है कि दो दिन पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि सोनम वांगचुक की प्रतिदिन सरकारी डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य जांच कराई जाए। अदालत ने स्पष्ट कहा था कि “जीवन अमूल्य है” और यदि उनकी तबीयत में किसी भी प्रकार की गिरावट आती है तो तत्काल आवश्यक चिकित्सकीय कदम उठाए जाएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular