PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री की सुरक्षा में 4400 पुलिसकर्मी तैनात, NSG-ATS और एंटी ड्रोन टीम अलर्ट

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को लखनऊ दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के लिए कुल 4400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही एनएसजी, एटीएस, एसटीएफ, पीएसी और आरआरएफ की टीमें भी मोर्चा संभालेंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को विशेष विमान से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान जाएंगे। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक और अन्य आमंत्रित अतिथि भी शामिल होंगे। समारोह समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से एयरपोर्ट पहुंचेंगे और विशेष विमान से दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

  • 4400 पुलिसकर्मियों के हवाले सुरक्षा की कमान

प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा ड्यूटी में आठ डीसीपी, 10 एडीसीपी और 34 एसीपी लगाए गए हैं। इनके अलावा 114 निरीक्षक, 946 उपनिरीक्षक, 108 महिला उपनिरीक्षक, 1967 मुख्य आरक्षी और आरक्षी तथा 423 महिला आरक्षी तैनात रहेंगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 31 निरीक्षक, 140 उपनिरीक्षक और 619 मुख्य आरक्षी व आरक्षियों की ड्यूटी लगाई गई है। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही के दौरान विशेष यातायात योजना लागू रहेगी।

  • NSG, ATS और एंटी ड्रोन टीम भी अलर्ट

प्रधानमंत्री की सुरक्षा में कई विशेष सुरक्षा एजेंसियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत 11 कंपनी और दो प्लाटून पीएसी, दो कंपनी आरआरएफ, एनएसजी की एक टीम और एटीएस की तीन टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा एनएसजी का स्नाइपर और एंटी ड्रोन सिस्टम भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होगा। सुरक्षा शाखा की एंटी ड्रोन टीम, तीन नाइट विजन टीमें और छह एक्सेस कंट्रोल टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। कार्यक्रम स्थल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।

  • छतों से निगरानी, CCTV से होगी 24 घंटे मॉनिटरिंग

सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिसकर्मियों और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। इसमें सभी अधिकारियों को ड्यूटी प्वाइंट, रूट प्लान और वीवीआईपी प्रोटोकॉल की जानकारी दी गई। इसके साथ ही रूट रिहर्सल, मेडिकल रिस्पांस और भीड़ प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल भी की गई। कार्यक्रम स्थल और आसपास के महत्वपूर्ण संस्थानों की छतों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

एंटी-सबोटाज टीम ने भी सघन चेकिंग की है। पूरे कार्यक्रम क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। प्रधानमंत्री के आगमन और प्रस्थान के दौरान अमौसी एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। प्रशासन का प्रयास है कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा के साथ आम लोगों की आवाजाही भी व्यवस्थित बनी रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular