PM Modi IIT Kharagpur Visit : प्लेटिनम जुबली समारोह में बोले पीएम मोदी, 75 साल में भारत ने देखे बड़े बदलाव

खड़गपुर, 21 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होने पश्चिम बंगाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संस्थान के छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें नवाचार, तकनीक तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने की सलाह दी। प्रधानमंत्री ने संस्थान में आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और युवाओं से उनके तकनीकी नवाचारों के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अपनी स्थापना के 75 वर्षों में IIT खड़गपुर ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इन सात दशकों में भारत ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन और डाक पत्रों से सोशल मीडिया तक का सफर तय किया है। देश में आए बदलाव के हर दौर में पहले IIT के रूप में खड़गपुर संस्थान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री ने संस्थान के शिक्षकों, विद्यार्थियों और पूर्व छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि IIT खड़गपुर की 75 साल की यात्रा केवल एक संस्थान की उपलब्धियों का सफर नहीं है, बल्कि यह बदलते और विकसित होते भारत की कहानी भी है।

‘आज मेरे सामने भारत का वर्तमान और भविष्य’

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “मुझे आने में देरी हुई, इसके लिए आप सभी से क्षमा चाहता हूं। IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में आज मेरे सामने भारत का वर्तमान और भविष्य जुड़ा है। आज हम सब इस संस्थान के 75 साल की यात्रा को सेलिब्रेट करने के लिए यहां जमा हुए हैं। हमने 75 साल में बहुत कुछ बदलते हुए देखा है। IIT खड़गपुर ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। मैं यहां के सभी टीचर्स और छात्रों को बहुत बधाई देता हूं।” उन्होंने संस्थान के अनूठे छात्र जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि IIT खड़गपुर की कुछ यादें ऐसी होती हैं, जो जिंदगीभर साथ रहती हैं। दूसरे संस्थानों में हॉस्टल होते हैं, लेकिन यहां हॉल की परंपरा है। हर विद्यार्थी को अपने हॉल पर गर्व होता है।

डिटेंशन कैंप के इतिहास को किया याद

प्रधानमंत्री मोदी ने IIT खड़गपुर के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इस स्थान से कई विचारों को ताकत मिली और राष्ट्रीय आंदोलन को भी प्रेरणा मिली। उन्होंने बताया कि यहां कभी डिटेंशन कैंप हुआ करता था, जहां स्वतंत्रता सेनानियों को रखा गया था। पीएम मोदी ने कहा कि कल्पना कीजिए कि उस समय डिटेंशन कैंप में रहने वाले स्वतंत्रता सेनानी आपस में क्या बातें करते होंगे। उनकी आवाज आज भी इस वातावरण में मंत्र की तरह गूंजती होगी और नई पीढ़ी को प्रेरित करती होगी।

युवाओं के नवाचार से मजबूत होगा आत्मनिर्भर भारत

प्रधानमंत्री ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौर और वर्तमान भारत के बीच संबंध जोड़ते हुए कहा कि दशकों पहले इन्हीं डिटेंशन कैंपों ने उन भारतीयों का उत्साह देखा था, जो अपना शासन चाहते थे और भारत को बुलंदियों पर पहुंचाने का सपना देखते थे। उन्होंने कहा कि आज इसी ऐतिहासिक स्थान पर IIT के युवा ऐसे नवाचार कर रहे हैं, जो भारत को आत्मनिर्भर बनाने में ताकत दे रहे हैं। युवाओं की प्रतिभा, तकनीकी सोच और नए प्रयोग देश के विकास को नई दिशा दे सकते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular