लखनऊ : सीएम योगी ने यूपी टी20 लीग का किया उद्घाटन, इकाना स्टेडियम लहराया तिरंगा

लखनऊ, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की शाम यहां भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में ‘सबसे आगे होंगे हिन्दुस्तानी’ गीत की गूंज के बीच उत्तर प्रदेश T20 लीग का भव्य उद्घाटन किया।

रंगारंग कार्यक्रम में आतिशबाजी और लेजर शो के नजारे के बीच मुख्यमंत्री ने तिरंगा लहराया और दोनों टीमों के कप्तानों के बीच में टॉस भी कराया। इस दौरान जैकलिन सैंडलिस और शंकर महादेवन एवं उनके बेटों ने शानदार संगीत में प्रस्तुति दी।

प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं, यूपी की कई टीमें मैदान में उतरनी चाहिए

सीएम योगी ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, इसलिए एक टीम की जगह यूपी की कई टीमें मैदान में उतरनी चाहिए। इसी सोच के साथ इस बार लीग में उत्तर प्रदेश की छह टीमें भाग ले रही हैं।

सीएम योगी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘फिट युवा ही फिट इंडिया’ मंत्र उत्तर प्रदेश में जमीन पर उतर रहा है। इन मैचों की वजह से हमारे स्टेडियम तैयार होते हैं, स्टाफ को मजबूती मिलती है और युवाओं को फिट रहने के साथ मनोरंजन का एक बड़ा माध्यम मिलता है. यह सिर्फ क्रिकेट नहीं, यह प्रदेश के युवाओं के भविष्य को गढ़ने का ऐतिहासिक अवसर है।”

शंकर महादेवन के देशभक्ति गीतों से झूम उठा स्टेडियम

उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए मशहूर गायक शंकर महादेवन ने अपने गीतों से माहौल देशभक्ति से भर दिया। ‘सबसे आगे होंगे हिन्दुस्तानी’ सहित उनके देशभक्ति गीतों पर पूरा स्टेडियम एक साथ झूम उठा। सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर T20 का शुभारंभ शंकर महादेवन के गीतों के साथ होना प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

सुरेश रैना व अभिषेक शर्मा भी रहे मौजूद

इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और यूपी के स्टार क्रिकेटर सुरेश रैना के साथ-साथ टीम इंडिया के T20 विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे। दोनों खिलाड़ियों की मौजूदगी ने युवाओं में खासा उत्साह देखा गया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने बताया कि इस लीग के जरिए प्रतिभावान क्रिकेटरों को मंच मिलेगा। स्पीड हंट के जरिए भी बहुत सारे खिलाड़ी चुने गए हैं। उत्तर प्रदेश में टैलेंट भरपूर है और इसी टैलेंट को आगे लाने के लिए यह लीग शुरू की गई है। आयोजकों का कहना है कि हर जिले से उभरते खिलाड़ियों को सेलेक्ट कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक ले जाना है। छह टीमों के फॉर्मेट से लीग में प्रतिस्पर्धा और रोमांच दोनों बढ़ गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular