छठ महापर्व : लखनऊ में गोमती तट पर पहुंचे सीएम योगी, सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया, श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल

लखनऊ, 15 नवम्बर। लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर लखनऊ में रविवार को आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। गोमती तट पर आयोजित गोमती उत्सव 2026 कार्यक्रम में सीएम योगी ने भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया और छठी मैया से प्रार्थना की। उन्होंने इस दौरान श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। सीएम योगी के साथ ही उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक और महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी सूर्य देव को संध्या अर्घ्य देकर छठी मैया से प्रार्थना की।

छठ महापर्व हमें कठोर अनुशासन का पाठ पढ़ाता है : सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा, ‘जब भी किसी लोकपर्व के साथ कोई मधुर गीत गाया जाता है तो वह जन जन की आवाज बन जाता है। हम छठ महापर्व पर भगवान सूर्य की कृपा पाते हैं। परमात्मा की असीम कृपा हमारे प्रदेश पर है। छठ महापर्व हमें कठोर अनुशासन का पाठ पढ़ाता है। हम अपने ईष्ट के प्रति सूर्योदय के साथ भक्ति भाव के साथ जुड़ते हैं।’

आत्मशुद्धि का छठ महापर्व से बढ़कर दूसरा कोई उदाहरण नहीं

उन्होंने कहा कि आत्मशुद्धि का दूसरा उदाहरण कोई नहीं है। दुनिया के इतिहास में दूसरा महापर्व का मिलना कठिन है, जहां बिना किसी सहयोग के हम सीधे भगवान सूर्य के साथ संवाद करते हैं। प्रकृति प्रदत्त अन्न को हम जगतपिता सूर्य को अर्पित कर रहे हैं। इस घाट पर न कोई छोटा न कोई बड़ा है। हमारी माताएं-बहनें 36 घंटे तक निर्जला व्रत के साथ जुड़ी हैं, वो समाज के साथ राष्ट्र कल्याण के साथ जुड़ी हुई हैं।

सीएम योगी ने कहा कि छठ महापर्व सिर्फ भोजपुरी समाज का नहीं रह गया बल्कि पूर्वांचल बिहार के हजारों परिवार लखनऊ में रहते हैं। लखनऊ ने भी उन्हें अपनाया है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले उत्सव की क्या दुर्गति थी। कल आपने समाजवादी पार्टी के एक सांसद की बात सुनी होगी। ये लोग समाज के दुश्मन हैं।

2017 के पहले जिस प्रदेश में उपद्रव था, आज उत्सव ही उत्सव

उन्होंने कहा कि पहले धनतेरस, फिर दीपावली और फिर भाई दूज और अब छठ महापर्व में कितना उत्साह है। लाखों लाख महिलाएं, परिवार आयोजन से जुड़ रहे हैं। हर व्यक्ति सुरक्षित है, घाटों की सफाई की गई है। हर पुख्ता व्यवस्था की गई है। 2017 के पहले जिस प्रदेश में उपद्रव था। आज उत्सव ही उत्सव है।

‘आपने अयोध्या का दीपोत्सव देखा होगा, कितना भव्य था’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आपने अयोध्या का दीपोत्सव देखा होगा, कितना भव्य था। 2017 में जब हम लोगों ने अयोध्या में दीपावली की चर्चा की तो पता लगा ऐसा कोई आयोजन होता ही नहीं। अयोध्या में जहां अंधेरा रहता था, आज वही अयोध्या दुनिया का सबसे बड़ा इवेंट बना। अगर अयोध्या का दीपोत्सव ऐसे ही होता रहा तो याद रखना एकदिन यूनेस्को इसको भी मान्यता देगा।

सीएम योगी ने कहा, ‘मैं आप सब से अपील करूंगा कि गोमती लखनऊ की आत्मा है। लखनऊ के ठीक पहले तक गोमती की धारा अविरल भी है, निर्मल भी है, लेकिन लखनऊ के अंदर गोमती की धारा अपने अस्तित्व को खो देती है। हम उसमें नए एसटीपी बना रहे हैं, ज्यादातर बन चुके हैं। नाले और सीवर जो भी गोमती नदी में गिरते हैं, उसको हम टैप करते हुए एसटीपी तक पहुंचा रहे हैं।’

उन्होंने कहा, ‘हमारा भी प्रयास होना चाहिए, यह उत्सव गोमती नदी के तट पर होना चाहिए। गोमती नदी के तट पर हो, गोमती के आयोजन के साथ उत्सव आयोजन की शुरुआत ही गोमती नदी की शुद्धता को लेकर के होना चाहिए, उसकी अविरलता और निर्मलता बनी रहे।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular