Chhath Puja 2026 : उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न, CM सम्राट चौधरी ने मुंगेर में की पूजा-अर्चना

पटना, 16 नवंबर, Chhath Puja 2026 : बिहार में लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार (16 नवंबर) को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा और उल्लास के माहौल में संपन्न हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत रखने वाले करोड़ों व्रतियों ने भगवान सूर्य और छठी मैया को अर्घ्य दिया। इसके बाद व्रतियों ने पारण कर चार दिवसीय अनुष्ठान पूरा किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और समाज के कल्याण की कामना की। आम लोगों के साथ बिहार के राजनीतिक नेतृत्व ने भी छठ पूजा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

CM सम्राट ने मुंगेर में की छठ पूजा, मांगा प्रदेश की खुशहाली का आशीर्वाद

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने गृह जिले मुंगेर के लखनपुर स्थित छठ घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। उन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

पत्नी के साथ नितिन नवीन ने दिया सूर्यदेव को अर्घ्य

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी सोमवार सुबह अपनी पत्नी के साथ छठ पूजा की और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने छठ महापर्व को कठिन तपस्या और अनुशासन का पर्व बताया। नितिन नवीन ने कहा कि छठ भले ही कष्ट और शारीरिक परिश्रम से जुड़ा पर्व है, लेकिन यह पूरे साल के लिए नई ऊर्जा और सकारात्मकता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि छठ के माध्यम से बिहार की स्वच्छता, पवित्रता और अनुशासन की परंपरा का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंच रहा है। उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मैया से देश और बिहार के निरंतर विकास, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

पटना से गांवों तक घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार तड़के से ही पटना समेत बिहार के तमाम जिलों में नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। व्रतियों ने पारंपरिक सूप और दउरा में फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाकर छठी मैया के मंगल गीतों के बीच भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। घाटों पर परिवार के सदस्यों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी से माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। सुबह की पहली किरण के साथ सूर्य उपासना और लोकगीतों की गूंज ने छठ के उत्साह को और बढ़ा दिया।

नहाय-खाय से शुरू हुआ था चार दिवसीय अनुष्ठान

छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई थी। शनिवार को व्रतियों ने खरना किया, जिसके बाद 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ। रविवार शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। इसके बाद सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय महापर्व का समापन किया गया।

पटना में 90 गंगा घाटों और 62 तालाबों पर सुरक्षा के इंतजाम

छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पटना जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। प्रशासन के अनुसार, दानापुर से पटना सिटी तक 90 गंगा घाटों और 62 स्थायी व अस्थायी तालाब घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।

सुरक्षा के मद्देनजर 13 घाटों को खतरनाक घोषित कर वहां श्रद्धालुओं के जाने पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके अलावा घाटों और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। आकर्षक लाइटिंग और तोरणद्वारों से राजधानी के घाटों की रौनक देखते ही बन रही थी। इस तरह बिहार में छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक एकजुटता के संदेश के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular