नई दिल्ली/पटना/वाराणसी, 15 नवम्बर। लोक आस्था के छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार की शाम राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, बिहार व यूपी सहित विभिन्न राज्यों में छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब देखने को मिला। गंगा व यमुना अन्य नदियों के किनारे छठ घाटों एवं तालाबों व कुंडों पर जुटे लाखों व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।

दिल्ली में 1400 से अधिक छठ घाटों पर अर्घ्य देने जुटे श्रद्धालु
दिल्ली में इस बार छठ पूजा के लिए 1400 से अधिक छठ घाट का निर्माण कराया गया ताकि छठ पूजा करने में श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग पूजा की सामग्री, फल, फूल और सूप लेकर घाटों पर पहुंचे तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। व्रतियों ने सूर्यदेव संध्या अर्घ्य दिया और अब सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा।

सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा
बिहार की बात करें तो पटना से लेकर भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गया और दरभंगा तक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही। राजधानी पटना में सूर्यास्त शाम 5 बजकर 1 मिनट पर हुआ जबकि सोमवार सुबह सूर्योदय 6 बजकर 7 मिनट पर होगा। चार दिवसीय छठ महापर्व के पहले दिन 13 नवम्बर को नहाय-खाय और 14 नवम्बर को खरना संपन्न हुआ था। आज संध्या अर्घ्य दिया गया और सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

काशी में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला
धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नमो घाट से लेकर वरुणा नदी के तट तक छठ महापर्व की भव्य छटा बिखरी रही। डूबते सूर्य की सुनहरी किरणों के बीच सैकड़ों व्रती महिलाओं और पुरुषों ने जल में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया।
किन्नर समुदाय ने सूर्यदेव को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली
वहीं किन्नर समाज में भी देशवासियों, प्रदेशवासियों और काशी वासियों के सुख समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना को लेकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया। वरुणा के तट पर किन्नर समाज ने महिलाओं में साड़ी का विवरण किया। रंग-बिरंगी साड़ियों में सजी व्रती महिलाओं और किन्नर समाज के हाथों में सूप, फल, प्रसाद और पूजन सामग्री दिखाई दी। पूरा वातावरण छठी मैया के जयकारों, मंत्रोच्चार और भक्ति भाव से सराबोर रहा।


