विश्व शतरंज : गत चैम्पियन गुकेश व सिंदारोव के बीच लगातार तीसरी बाजी बराबरी पर छूटी

जिनेवा, 27 दिसम्बर। गत चैम्पियन भारत के डी. गुकेश और उज्बेकिस्तान के उनके प्रतिद्वंद्वी जावोखिर सिंदारोव के बीच गुरुवार को यहां फिडे विश्व शतरंज चैंपियनशिप की तीसरी बाजी भी बराबरी पर समाप्त हुई। समय के मामले में बढ़त हासिल करने के बावजूद गुकेश इसका फायदा उठाकर जीत दर्ज नहीं कर सके।

सिंदारोव ने ‘रुई लोपेज ओपनिंग’ से शुरुआत की जबकि गुकेश ने बर्लिन डिफेंस अपनाया। इससे पहले शुरुआती दो क्लासिकल बाजियां भी ड्रॉ रही थीं। पहली बाजी 38 चाल के बाद बराबरी पर छूटी थी जबकि दूसरी बाजी तीन बार एक जैसी स्थिति बनने के कारण 20 चाल में ड्रॉ हो गई थी।

बचे समय का लाभ नहीं उठा सके गुकेश

मुकाबले में अधिकतर समय 20 वर्षीय गुकेश के पास काफी अधिक समय बचा था, लेकिन गुकेश के हमउम्र सिंदारोव ने मजबूती से खेलते हुए समय के दबाव के बीच भी ड्रॉ हासिल कर लिया। दोनों खिलाड़ियों के बीच 60 चालों के बाद बाजी बराबरी पर छूटी।

एक समय सिंदारोव समय के मामले में गुकेश से करीब 50 मिनट पीछे चल रहे थे। वह समय नियंत्रण की सीमा के बेहद करीब पहुंच गए और उन्होंने केवल छह सेकेंड शेष रहते अपनी 40वीं चाल चली। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों को 30-30 मिनट का अतिरिक्त समय मिला।

दोनों खिलाड़ियों के अब बराबर 1.5-1.5 अंक

इस ड्रॉ के साथ 14 बाजियों की इस विश्व चैम्पियनशिप में दोनों खिलाड़ियों के बराबर 1.5-1.5 अंक हो गए हैं। शुक्रवार को विश्राम का दिन होने के कारण दोनों खिलाड़ियों को चौथी बाजी से पहले अपनी रणनीति पर दोबारा विचार करने और तैयारी करने का मौका मिलेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular