नई दिल्ली, 15 सितम्बर। यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI की संचालन समिति ने मंगलवार को एक बैठक में फैसला किया कि अब 2,000 रुपये से ज्यादा के UPI भुगतान पर 40 बेसिस प्वॉइंट्स (bps) मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) तय किया गया है। हर ट्रांजैक्शन पर इसकी अधिकतम सीमा 300 रुपये होगी। यह नियम 75,000 रुपये से ऊपर के हर भुगतान पर लागू होगी। यानी कि 75,000 रुपये से अधिक के हर ट्रांजैक्शन पर 300 रुपये का MDR फिक्स रहेगा।
मर्चेंट डिस्काउंट रेट चार्ज 15 अक्टूबर से शुरू होगा
यूपीआई संचालन समिति के फैसले के अनुसार यह MDR चार्ज 15 अक्टूबर से लागू होगा। मर्चेंट डिस्काउंट रेट वह कमीशन है, जो डिजिटल पेमेंट प्रोसेस करने के लिए मर्चेंट बैंक को देता है। हालांकि, यह चार्ज ग्राहक को नहीं देना होगा। MDR का भुगतान मर्चेंट की तरफ से किया जाता है।
40 bps MDR का क्या मतलब है?
एक बेसिस प्वॉइंट यानी एक प्रतिशत का सौवां हिस्सा। इसलिए 40 bps का मतलब 0.40% है। इसे सीधे उदाहरण से समझ सकते हैं कि 100 रुपये के भुगतान पर MDR 40 पैसे होगा। वहीं 10,000 रुपये के UPI पेमेंट पर यह रकम 40 रुपये होगी।
2,000 रुपये तक के UPI भुगतान पर कोई शुल्क नहीं
हालांकि केंद्र सरकार की अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि 2,000 रुपये तक के UPI ट्रांजैक्शन पर बैंक कोई चार्ज नहीं लगा सकते। RuPay से डेबिट कार्ड पेमेंट पर भी कोई शुल्क नहीं लगाया जा सकता। उल्लेखनीय है कि NPCI यानी नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया UPI के साथ-साथ घरेलू कार्ड नेटवर्क RuPay को भी चलाता है।
UPI से सालाना 16,000 करोड़ रुपये तक राजस्व मिलने का अनुमान
बताया जा रहा है कि करीब 40 bps MDR लागू होने पर UPI इकोसिस्टम में सालाना 16,000 करोड़ रुपये तक का रेवेन्यू पैदा होने का अनुमान है। चूंकि UPI पेमेंट में कई पार्टनर शामिल होते हैं, इसलिए MDR से मिलने वाली रकम भी अलग-अलग हिस्सेदारों में बांटी जाएगी। इसमें ग्राहक का बैंक, पैसा पाने वाला बैंक, PSP बैंक और मर्चेंट का पेमेंट एग्रीगेटर शामिल हैं। NPCI को भी हर ट्रांजैक्शन पर स्विचिंग फीस मिलती है।
PhonePe और Google Pay को ऐसे फायदा होगा
PhonePe, Google Pay और Paytm जैसे UPI एप सीधे UPI नेटवर्क से अकेले नहीं जुड़ते। ये बैंकों के साथ पार्टनरशिप करते हैं। इन पार्टनर बैंकों को PSP बैंक कहा जाता है। UPI नेटवर्क को चलाने में इनकी बड़ी भूमिका होती है। इसलिए कार्ड पेमेंट इकोसिस्टम के मुकाबले PSP बैंकों को MDR में ज्यादा हिस्सा मिलने की संभावना है।
ये बैंक बड़े PSP हैं
UPI इकोसिस्टम में कई बैंक PSP के तौर पर काम करते हैं। इनमें Yes Bank, Axis Bank, ICICI Bank, HDFC Bank और SBI बड़े PSP बैंकों में शामिल हैं। नए MDR सिस्टम से UPI से जुड़े बैंकों और दूसरे इकोसिस्टम साझेदारों के लिए कमाई का एक नया जरिया बनेगा। वहीं ग्राहकों के लिए 2,000 रुपये तक के UPI भुगतान पर कोई शुल्क देय नहीं होगा।


