Constitution Day : पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना, बोले- आर्टिकल 356 का करीब 100 बार हुआ दुरुपयोग

नई दिल्ली, 26 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस पर संविधान के उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 356 का बार-बार दुरुपयोग किया गया। पीएम मोदी के मुताबिक, एक राजनीतिक दल के नाम करीब 100 बार अनुच्छेद 356 लागू करने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने एक पूर्व प्रधानमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि उन्होंने इस मामले में अर्धशतक भी लगाया था।

प्रधानमंत्री ने संविधान दिवस पर लिखे अपने लेख में कहा कि भारतीय इतिहास में ऐसे मौके आए, जब संविधान की रक्षा की जिम्मेदारी निभाने वालों ने ही उसे कमजोर करने का रास्ता चुना। कांग्रेस का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि यह वही दल है, जिसे पांच दशकों तक देश की बागडोर संभालने का अवसर मिला।

पहले संविधान संशोधन पर उठाए सवाल

पीएम मोदी ने 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके 75 साल पूरे हो चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय अंतरिम संसद में बहुमत का इस्तेमाल कर नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता को सीमित किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संशोधन देश के पहले आम चुनाव से कुछ महीने पहले किया गया था। उनके अनुसार, इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना और विरोध की आवाज को दबाना था।

42वें संविधान संशोधन को लेकर भी कांग्रेस पर हमला

प्रधानमंत्री ने आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस संशोधन के 50 साल पूरे हो रहे हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, इससे न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित हुई और देश की संस्थाओं के बीच शक्तियों का संतुलन प्रभावित हुआ।

उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का अध्ययन करने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें समझने में मदद मिलेगी कि सत्ता की लालसा और संविधान-विरोधी सोच रखने वाली सरकार किस हद तक जा सकती है।

नागरिकों के कर्तव्यों पर दिया जोर

अपने लेख में प्रधानमंत्री ने बीते एक दशक के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने नागरिकों के कर्तव्यों पर विशेष बल दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को उसकी भूमिका और जिम्मेदारियों का बोध कराने की परंपरा रही है।

पीएम मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन जन आंदोलनों में नागरिकों के कर्तव्यबोध की भावना दिखाई देती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular