Bigg Boss 20: कौन हैं रिया अहीर? वायरल वीडियो से मिली पहचान, अब बिग बॉस में एंट्री के लिए वोटिंग

मुंबई, 30 अगस्त। सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर और मॉडल रिया अहीर जल्द ही ‘बिग बॉस 20’ के घर में नजर आ सकती हैं। हालांकि, शो में उनकी एंट्री सीधे तौर पर तय नहीं हुई है। रिया की बिग बॉस में एंट्री दर्शकों की वोटिंग पर निर्भर है। रिया इसे अपने लिए किसी इम्तिहान से कम नहीं मानतीं। उनका कहना है कि बिग बॉस के जरिए लोगों को उन्हें करीब से जानने और यह समझने का मौका मिलेगा कि वह असल जिंदगी में कैसी हैं।

रिया अहीर के मुताबिक, बिग बॉस का हिस्सा बनने के फैसले को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि जैसे ही लोगों को शो में उनकी संभावित एंट्री की खबर मिली, कई लोगों ने उन्हें निशाना बनाना शुरू कर दिया। कुछ यूजर्स ने कहा कि रिया पर शोहरत का असर हो गया है और इसी वजह से वह वोटिंग के जरिए बिग बॉस में जाने की कोशिश कर रही हैं।

रिया ने बताया कि कई लोगों ने उनसे सवाल किया कि आखिर वह बिग बॉस में क्यों जाना चाहती हैं। शुरुआत में खुद रिया के मन में भी यही सवाल था। उन्होंने बताया कि इस बारे में उन्होंने अपने पिता से बातचीत की थी। पिता की एक बात ने उन्हें काफी प्रभावित किया।

रिया के मुताबिक, उनके पिता ने कहा था कि किसी भी परिस्थिति में वह कैसी प्रतिक्रिया देती हैं, यह पूरी तरह उन पर निर्भर करता है। उन्होंने रिया पर दोबारा खुद को लॉन्च करने या कोई दूसरा फैसला लेने का दबाव नहीं डाला। पिता की यही बात रिया के मन में बैठ गई।

रिया ने कहा कि उन्हें लगा कि बिग बॉस उनके लिए लोगों से सीधे जुड़ने का अच्छा मौका हो सकता है। उन्होंने कहा कि जब लोग उनके बारे में तरह-तरह की बातें कर रहे हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि असल में क्या हो रहा है, तो वह चाहती हैं कि लोग उन्हें खुद देखें और फिर उनके बारे में अपना फैसला करें।

उन्होंने कहा, “मेरी या किसी और की बात मत सुनिए, मुझे खुद देखिए और फिर फैसला कीजिए।”

पुलिस वैन के सामने खड़े होने से हुईं वायरल

रिया अहीर उस वक्त सोशल मीडिया पर अचानक चर्चा में आ गई थीं, जब नीट पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ हुए छात्र विरोध प्रदर्शन के दौरान वह मुंबई पुलिस की वैन के सामने अकेली खड़ी हो गई थीं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और वह रातों-रात लोगों के बीच पहचान बनाने में कामयाब रहीं।

आईएएनएस से बातचीत में रिया ने इस वायरल वीडियो पर मिली प्रतिक्रिया के बारे में भी बात की। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अंदाजा था कि उनके इस कदम को लोगों से इतना प्यार और समर्थन मिलेगा, तो उन्होंने कहा कि उन्हें बिल्कुल भी इसकी उम्मीद नहीं थी।

रिया ने कहा कि उस वक्त उनका किया गया काम उनके लिए बिल्कुल स्वाभाविक था। उन्होंने कहा कि आज भी जब वह उस वीडियो को देखती हैं तो उन्हें लगता है कि उन्होंने उस समय जो किया, वह बिल्कुल नेचुरल और सामान्य था।

‘मैं उस एक्शन की वजह से बिग बॉस में नहीं जा रही’

रिया ने यह भी साफ किया कि बिग बॉस में जाने का फैसला केवल उस वायरल वीडियो की वजह से नहीं है। उनके मुताबिक, इस फैसले के पीछे लोगों से मिला प्यार और समर्थन भी बड़ी वजह है।

उन्होंने बताया कि वह पिछले 13 साल से थिएटर से जुड़ी हुई हैं और करीब 6 साल से मॉडलिंग कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार और काम किए हैं, लेकिन लोगों ने उन्हें सबसे ज्यादा तब पसंद किया, जब उन्होंने बिना किसी भूमिका या दिखावे के खुद को ‘रिया’ के तौर पर सामने रखा।

रिया का मानना है कि बिग बॉस उन्हें दर्शकों के सामने अपनी वास्तविक शख्सियत रखने का एक बड़ा मंच दे सकता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शकों की वोटिंग उन्हें ‘बिग बॉस 20’ के घर तक पहुंचाती है या नहीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular