नई दिल्ली, 10 नवम्बर। गुजराती नववर्ष यानी बेस्टू वर्ष के आगाज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने कामना की कि विक्रम संवत 2083 का नया साल सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। वहीं, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी नए साल की शुरुआत मंदिर में पूजा-अर्चना और आरती करके की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर गुजराती नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने लिखा, “नूतन वर्षाभिनंदन। नए साल की यह शुभ शुरुआत आप सभी के जीवन में खुशी, शांति, समृद्धि और खुशहाली की नई उम्मीदें लेकर आए। मेरी हार्दिक शुभकामनाएं हैं कि आप सभी का जीवन उत्तम स्वास्थ्य, आनंद और उत्साह से भरा रहे।”
विक्रम संवत 2083 का हुआ शुभारंभ
बता दें कि गुजराती नववर्ष यानी बेस्टू वर्ष के साथ विक्रम संवत 2083 की शुरुआत हो गई है। सनातन धर्म और गुजराती संस्कृति में इस दिन का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। दीपावली के अगले दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नए विक्रम संवत का आरंभ होता है।
इस दिन लोग पुराने वर्ष को विदाई देकर नई उम्मीदों और संकल्पों के साथ नए साल का स्वागत करते हैं। श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन-पूजन कर अपने आराध्य देव से सुख, शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं। इसके साथ ही अच्छे विचारों, सत्कर्म, सेवा और परोपकार के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं।
CM भूपेंद्र पटेल ने पंचदेव मंदिर में की पूजा-अर्चना
उधर, गुजराती नववर्ष के अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर के सेक्टर-22 स्थित पंचदेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को विक्रम संवत 2083 के शुभारंभ की बधाई दी।मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि नए विक्रम संवत की शुरुआत पर वह सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और नशामुक्त भारत के विजन का जिक्र करते हुए कहा कि सभी को मिलकर विकसित गुजरात और नशामुक्त गुजरात के निर्माण की दिशा में काम करना चाहिए। नए साल के इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के शुभकामना संदेशों के साथ गुजरात में बेस्टू वर्ष का उत्साह देखने को मिल रहा है।


