लखनऊ,7 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित होने वाले 10वें दीपोत्सव को लेकर कहा है कि वर्ष 2017 में सरयू तट पर शुरू हुआ दीपोत्सव आज भारत के सांस्कृतिक गौरव की वैश्विक पहचान बन चुका है। यह केवल दीपों की जगमगाहट और विश्व रिकॉर्ड बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अयोध्या की सांस्कृतिक पहचान, सनातन परंपरा और राष्ट्रीय गौरव की पुनर्स्थापना का प्रतीक बन गया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दीपोत्सव के गौरवशाली 10 वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र किया।
-
2017 में जली संकल्प की लौ, आज वैश्विक पहचान बना दीपोत्सव
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वर्ष 2017 में पुण्यसलिला सरयू के तट पर प्रज्वलित संकल्प की एक लौ ने आज भारत के सांस्कृतिक गौरव को वैश्विक पटल पर नई पहचान और प्रतिष्ठा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि श्री अयोध्या धाम में दीपोत्सव का ऐतिहासिक दशक केवल दीपों की जगमगाहट और विश्व कीर्तिमानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह प्रभु श्रीराम की नगरी के त्रेतायुगीन वैभव, सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण और राष्ट्र के आत्मगौरव की पुनर्स्थापना का स्वर्णिम अध्याय बन गया है। सीएम योगी ने कहा कि राम की पैड़ी पर प्रज्वलित लाखों दीपों ने अंधकार को दूर करने के साथ आस्था, अंत्योदय और स्थानीय स्वावलंबन की नई ज्योति भी जलाई है।
- सदियों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या को मिला सांस्कृतिक गौरव
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव का यह गौरवशाली दशक उस ऐतिहासिक संकल्प की सिद्धि का साक्षी है, जिसने सदियों की प्रतीक्षा को भव्य यथार्थ में बदल दिया। इसके साथ ही अयोध्या को उसकी सांस्कृतिक पहचान और गौरव के साथ पुनः प्रतिष्ठित किया गया है। उन्होंने 10वें दीपोत्सव के अवसर पर लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने ऐसे रामराज्य की परिकल्पना की, जहां विकास का प्रकाश समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और आस्था, समरसता तथा सेवा की सनातन ज्योति हमेशा प्रज्वलित रहे।
-
दो दिन अयोध्या में रहेंगे सीएम योगी, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
10वें दीपोत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार और रविवार को दो दिन अयोध्या में रहेंगे। इस दौरान वह भगवान श्रीराम के स्वागत, राजतिलक, सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन समेत विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में रामनगरी में परंपरा, आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। राम की पैड़ी पर लाखों दीपों की रोशनी के साथ प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और ड्रोन शो मुख्य आकर्षण होंगे।
- झांकियों का अवलोकन करेंगे, भगवान राम के स्वरूपों पर होगी पुष्पवर्षा
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर करीब 2:40 बजे रामकथा पार्क के पास बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह दीपोत्सव की भव्य झांकियों का अवलोकन करेंगे और रथ खींचने के कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद हेलीकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ अयोध्या के ऊपर पुष्पवर्षा करेंगे। इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का राजतिलक किया जाएगा। मुख्यमंत्री रामकथा पार्क में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं, आमजन और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
-
सरयू आरती और दीप प्रज्ज्वलन में शामिल होंगे सीएम योगी
रामकथा पार्क के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सीधे राम की पैड़ी पहुंचेंगे। यहां वह मां सरयू की आरती करेंगे। इसके बाद उनकी मौजूदगी में राम की पैड़ी पर दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम आयोजित होगा। दीपों से जगमगाती रामनगरी में प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए भगवान श्रीराम की गाथा दिखाई जाएगी। इसके साथ ही आकर्षक लेजर और ड्रोन शो का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पर बने मंच से श्रद्धालुओं और आमजन को संबोधित भी करेंगे।
- हरित आतिशबाजी और रामलीला का भी लेंगे आनंद
दीपोत्सव के कार्यक्रमों के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरयू पुल पहुंचकर हरित पटाखों के प्रदर्शन का अवलोकन करेंगे। हरित आतिशबाजी के बाद वह दोबारा रामकथा पार्क पहुंचेंगे और वहां आयोजित रामलीला का आनंद लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम सरयू अतिथि गृह में प्रस्तावित है। दीपोत्सव के 10वें संस्करण को भव्य और यादगार बनाने के लिए अयोध्या में तैयारियां की गई हैं। इस बार श्रद्धालुओं को धार्मिक आयोजनों के साथ आधुनिक तकनीक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी अनूठा अनुभव देखने को मिलेगा।


