मुंबई, 20 सितंबर। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी शानदार अभिनय प्रतिभा के साथ-साथ अपने विचारों के लिए भी जाने जाते हैं। अभिनेता ने हाल ही में जिंदगी में मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद प्रयास करते रहने और कभी हार न मानने का संदेश दिया। अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने लिफ्ट के ऑटोमैटिक दरवाजे का उदाहरण देते हुए जीवन के संघर्ष और छोटी-छोटी कोशिशों की अहमियत समझाई।
अमिताभ बच्चन ने लिखा, “कुछ बिना बोले होता है, कुछ बोलके होता है और कुछ ठोक-ठाक के होता है, लेकिन होता जरूर है।” उन्होंने आगे लिफ्ट के ऑटोमैटिक दरवाजे का उदाहरण देते हुए बताया कि जब कोई व्यक्ति लिफ्ट में चढ़ने में देर करता है तो दरवाजा अपने आप बंद होने लगता है। ऐसे में अगर एक छोटी सी उंगली भी उसके रास्ते में आ जाए, तो दरवाजा दोबारा खुल जाता है और वापस अपनी जगह चला जाता है।
छोटी कोशिश भी खोल सकती है जिंदगी का दरवाजा
अमिताभ बच्चन ने इसी उदाहरण को जिंदगी से जोड़ते हुए कहा कि जीवन में छोटी-छोटी कोशिशें भी मुश्किलों के दरवाजे खोल सकती हैं। उन्होंने प्रार्थना को भी ऐसी ही एक छोटी कोशिश बताया, जो कठिन समय में उम्मीद का रास्ता खोल सकती है। अभिनेता ने अपने ब्लॉग में लिखा, “जिंदगी में भी एक छोटा सा प्रार्थना दरवाजा खोल देता है, चाहे वो एक छोटी सी उंगली के बराबर ही क्यों न हो।” उन्होंने लोगों को लगातार प्रयास करते रहने की सीख देते हुए कहा कि कोशिश करते रहना चाहिए और आगे बढ़ते रहना चाहिए। उनके मुताबिक, किसी न किसी दिन बंद दरवाजा खुल जाएगा।
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ को होस्ट कर रहे हैं अमिताभ बच्चन
वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन इन दिनों लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ (KBC 18) को होस्ट कर रहे हैं। यह शो साल 2000 में शुरू हुआ था और समय के साथ भारतीय टेलीविजन के चर्चित क्विज शो में शामिल हो गया।
‘कौन बनेगा करोड़पति’ ब्रिटिश क्विज शो ‘Who Wants to Be a Millionaire?’ का हिंदी रूपांतरण है। शो के फॉर्मेट में प्रतियोगियों से बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाते हैं और उन्हें दिए गए विकल्पों में से सही जवाब चुनना होता है। प्रतियोगियों को कठिन सवालों का जवाब देने में मदद के लिए अलग-अलग लाइफलाइन भी उपलब्ध कराई जाती हैं।अमिताभ बच्चन लंबे समय से इस शो से जुड़े हुए हैं और उनकी होस्टिंग को ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की पहचान का अहम हिस्सा माना जाता है।


