Site icon Revoi.in

पूर्वोत्तर में जीत के बाद बोले पीएम मोदी – ‘नॉर्थ ईस्ट अब न दिल्ली से दूर है और न ही दिल से’

Social Share

नई दिल्ली, 2 मार्च। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों – त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड के विधानसभा चुनावों के नतीजे आ चुके हैं और गुरुवार की शाम जारी परिणामों से स्पष्ट है कि भगवा पार्टी पूर्वोत्तर में और मजबूत हो चुकी है। त्रिपुरा में जहां सत्तारूढ़ भाजपा ने 60 में 32 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है वहीं नगालैंड में सत्तारूढ़ एनडीपीपी-भाजपा गठबंधन ने 60 में 37 सीटें (25+12) जीत ली हैं जबकि 59 सीटों वाली मेघालय विधानसभा में किसी को भी स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है।

दो राज्यों में स्पष्ट जीत के बाद यहां भाजपा मुख्यालय पर आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचे और उन्होंने पूर्वोत्तर की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘ये नतीजे दिखाते हैं कि देश को लोकतंत्र में भरोसा है। युवाओं को लोकतंत्र में भरोसा है। ये नया इतिहास रचने का समय है। अब नॉर्थईस्ट न दिल्ली से दूर है और न दिल से।’

त्रिपुरा, नगालैंड व मेघालय चुनाव परिणाम देखने के लिए यहां क्लिक करें

समारोह के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने फोन की टॉर्च जलाई तो पीएम मोदी ने कहा कि ये नॉर्थईस्ट के लोगों का सम्मान है। उन्होंने कहा, ‘बीते वर्षों में भाजपा मुख्यालय ऐसे अनेक अवसरों का साक्षी बना है, आज हमारे लिए जनता को विनम्रता से नमन करने का एक और अवसर आया है। मैं त्रिपुरा, मेघालय और नगालैंड की जनता का सिर झुकाकर आभार व्यक्त करता हूं।’

जनता ने हमारे साथी सहयोगियों को भरपूर आशीर्वाद दिया

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘इन राज्यों की जनता ने हमारे साथी सहयोगियों को भरपूर आशीर्वाद दिया है। दिल्ली में भाजपा के लिए कार्य करना कठिन नहीं है, लेकिन नॉर्थ ईस्ट में हमारे कार्यकर्ताओं ने दोगुनी मेहनत की है। उनकी मेहनत की मैं सराहना करता हूं और धन्यवाद करता हूं।’

नड्डा बोले – कमल खिलने का विजय उत्सव

वहीं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिपुरा, नगालैंड में कमल खिलने का विजय उत्सव मनाया जा रहा है।

नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी ने उत्तर पूर्व के त्रिपुरा में दोबारा सरकार बनाने में नेतृत्व दिया, नागालैंड में भाजपा को यशस्वी बनाया और मेघालय में वोट प्रतिशत बढ़ाने में योगदान दिया है। मैं इसके लिए लाखों कार्यकर्ताओं की ओर से उनके इस प्रयास के लिए उनका अभिनंदन करता हूं।’