BWF विश्व बैडमिंटन : आयुष शेट्टी का जबर्दस्त उलटफेर, विश्व नंबर एक शी यू की पर स्तब्धकारी जीत, सिंधु भी दूसरे दौर में

नई दिल्ली, 17 अगस्त। युवा भारतीय शटलर आयुष शेट्टी ने यहां इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में सोमवार से प्रारंभ BWF विश्व चैंपियनशिप के पहले ही दिन जबर्दस्त उलटफेर किया और पुरुष एकल के पहले दौर में विश्व नंबर एक चीनी स्टार शी यू की के खिलाफ स्तब्धकारी जीत दर्ज की। वहीं पूर्व विश्व चैम्पियन व दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने महिला एकल में आसान जीत के साथ अगले दौर में जगह बना ली।

73 मिनट तक खिंची कश्मकश में हारे चीनी दिग्गज शी यू की

बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप में 1965 के बाद पुरुष एकल फाइनल में पहुंचने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने 21 वर्षीय शेट्टी ने कोर्ट नंबर एक पर शाम को खेले गए दिन के 12वें मैच में 73 मिनट तक खिंची कश्मकश के बाद 21-14, 13-21, 21-19 से जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। आयुष की दूसरे दौर में विश्व नंबर 87 दुमिंदु अभयविक्रमा से मुलाकात होगी।

संक्षिप्त अंतरराष्ट्रीय करिअर की अब तक की सबसे बड़ी जीत

बीडब्ल्यूएफ विश्व रैंकिंग में 22वें क्रम पर काबिज शेट्टी के यह उनके संक्षिप्त अंतरराष्ट्रीय करिअर की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। अप्रैल में एशियाई चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने के दौरान भी उन्होंने ली शी फेंग, जोनाथन क्रिस्टी और कुनलावुत वितिदसर्न जैसे दिग्गजों को हराया था।

चालू सत्र में यूएस ओपन सुपर 300 का खिताब जीत चुके शेट्टी ने घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और पहले गेम में 11-5 की बढ़त बना ली। इस दौरान चीन के खिलाड़ी ने भी कई गलतियां कीं। वह कभी शटल नेट में उलझा बैठे तो कभी शॉट कोर्ट से बाहर मार गए। शेट्टी ने इन गलतियों का पूरा फायदा उठाते हुए पहला गेम 21-14 से अपने नाम कर लिया।

शी ने हालांकि अपने अनुभव का इस्तेमाल किया। उन्होंने लंबी रैलियों के जरिए शेट्टी को थकाने की रणनीति अपनाई। भारतीय खिलाड़ी के खेल में भी गलतियां बढ़ने लगीं और शी ने दूसरा गेम 21-13 से जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।

निर्णायक गेम में दिखा जबर्दस्त संघर्ष

शेट्टी ने निर्णायक गेम में संयम बनाए रखा और रणनीति में समझदारी दिखाई। उन्होंने जोखिम भरे शॉट खेलने के बजाय शटल को कोर्ट के भीतर रखने पर जोर दिया और शी को गलतियां करने के लिए मजबूर करने के साथ 11-5 व फिर 15-5 की बढ़त बना ली। यहीं शी यू की ने जबर्दस्त वापसी की और शेट्टी की गलतियों का फायदा उठाकर अंतर घटाकर 20-19 कर दिया। मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका था। फिलहाल शेट्टी ने इस दबाव भरे क्षण में अपना धैर्य नहीं खोया और अगला अंक जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

सिंधु का ऐतिहासिक छठे पदक की दावेदारी का शानदार आगाज

इसके पहले इसी कोर्ट पर खेले गए दिन के 11वें मैच में विश्व नंबर नौ सिंधु ने आयरलैंड की सोफिया नोबल को सिर्फ 29 मिनट में हराकर अपने ऐतिहासिक छठे पदक की दावेदारी का शानदार आगाज किया। नौवीं वरीयता प्राप्त भारतीय स्टार ने सोफिया की चुनौती से आसानी से पार पाते हुए 21-7, 21-11 से जीत दर्ज कर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

सोफिया नोबल को सिर्फ 29 मिनट में किनारे लगाया

पांच बार की विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता 31 वर्षीय सिंधु शुरुआत से ही मुकाबले में हावी रहीं और अपने अनुभव तथा धैर्यपूर्ण खेल से सोफिया को लगातार दबाव में रखा। उन्होंने पहले गेम में ब्रेक तक 11-2 की मजबूत बढ़त बना ली थी, जिसके बाद उन्होंने आसानी से गेम अपने नाम कर लिया।

अगले दौर में कनाडा की वेन यू झांग से होगी मुलाकात

दूसरे गेम में नोबल ने बेहतर चुनौती पेश की और एक समय सिंधु को कड़ी टक्कर देती दिखीं, लेकिन भारतीय दिग्गज ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए ब्रेक तक 11-8 की बढ़त हासिल कर ली। सिंधु ने इसके बाद प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। शानदार ड्रॉप शॉट और दमदार स्मैश के जरिए उन्होंने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और नेट के पास शानदार बैकहैंड ड्रॉप के साथ मैच समाप्त किया। सिंधु अगले दौर में कनाडा की वेन यू झांग से भिड़ेंगी। झांग ने पहले दौर में बुल्गारिया की स्टेफानी स्टोएवा को 21-7, 21-19 से शिकस्त दी।

सिंधु के नाम अब तक विश्व चैम्पियनशिप में एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक हैं। उन्होंने 2019 में स्वर्ण पदक जीता था। मौजूदा प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंचते ही उनका कम से कम कांस्य पदक पक्का हो जाएगा और वह विश्व चैम्पियनशिप के इतिहास में छह पदक जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन जाएंगी।

अब तक केवल दो अन्य खिलाड़ियों ने विश्व चैम्पियनशिप में पांच पदक जीते हैं। चीन के महान पुरुष शटलर लिन डैन ने पांचों पदक स्वर्ण के रूप में जीते जबकि उनकी हमवतन झाओ युनलेई ने मिश्रित युगल में तीन और महिला युगल में दो खिताब अपने नाम किए हैं।

त्रीसा जॉली व गायत्री गोपीचंद महिला युगल में आगे बढ़ीं

इस बीच राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता त्रीसा जॉली व गायत्री गोपीचंद ने महिला युगल में स्पेन की पाउला लोपेज और लुसिया रोड्रिगेज पर 21-9, 21-13 से आसान जीत के साथ अभियान शुरू किया। भारतीय जोड़ी के सामने अगले दौर में अमेरिका की 16वीं वरीय लॉरेम लैम और एलिसन क्विन्ह की चुनौती होगी।

पुरुष युगल में हरिहरन व अर्जुन की जोड़ी दूसरे दौर में

टूर्नामेंट में भारत की ओर से पहला मुकाबला खेलने उतरे हरिहरन अम्साकरुणन व एमआर अर्जुन की जोड़ी ने भी दूसरे दौर में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी के खिलाफ पुरुष युगल के पहले दौर में स्कॉट गिल्डिया व पॉल रेनॉल्ड्स की जोड़ी ने 16-21, 4-6 से पिछड़ने के बाद मुकाबला छोड़ दिया। हरिहरन व अर्जुन की टक्कर अब कोरिया की 15वीं वरीय मिन ह्युक कांग व डोंग जू की से होगी। कोरिया की जोड़ी को पहले दौर में बाई मिली थी।

सात्विक-चिराग को पहले दौर में बाई

वहीं दो बार की कांस्य पदक विजेता व पांचवीं वरीय स्टार भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को भी पहले दौर में बाई मिली है। वे दूसरे दौर में स्कॉटलैंड के एलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल की जोड़ी से भिड़ेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular