गलत FIR में अभिनेत्री अंतरा बनर्जी की तस्वीर इस्तेमाल, बोलीं- ‘सदमे में हूं’, उठाएंगी कानूनी कदम

मुंबई, 18 अगस्त। अभिनेत्री अंतरा बनर्जी की तस्वीर को कथित तौर पर कई मीडिया आउटलेट्स ने एक FIR की रिपोर्टिंग के दौरान इस्तेमाल किया। हालांकि, संबंधित FIR में ठाणे की मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी का नाम शामिल था। अपनी तस्वीर के गलत इस्तेमाल की जानकारी मिलने के बाद अभिनेत्री अंतरा बनर्जी ने घटना पर नाराजगी और चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले से वह और उनका परिवार मानसिक रूप से परेशान हुए हैं। अभिनेत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी अचानक मिली। इसके बाद परिवार और दोस्तों के लगातार फोन और मैसेज आने लगे। उन्होंने कहा कि लोग उनसे पूछ रहे थे कि वह ठीक हैं या नहीं। बाद में एक मैसेज में अपनी तस्वीर देखकर उन्हें पता चला कि उनकी फोटो के साथ FIR से जुड़ी खबरें इंटरनेट पर प्रसारित हो रही हैं।

  • ‘मैं सदमे में थी और अभी भी वही स्थिति है’

अंतरा बनर्जी ने कहा कि जब उन्हें इस घटना के बारे में पता चला तो वह सदमे में थीं। उनके मुताबिक, यह बेहद परेशान करने वाली घटना है और उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर ऐसा कैसे हुआ। अभिनेत्री ने कहा कि ऐसी खबर जब किसी के परिवार तक पहुंचती है तो स्वाभाविक रूप से चिंता बढ़ जाती है। खासकर तब, जब परिवार का सदस्य दूसरे शहर में रह रहा हो। उन्होंने बताया कि उनकी मां इस खबर को देखकर काफी घबरा गईं और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर यह खबर कहां से आई।

  • पिता कोलकाता से आने को थे तैयार

अंतरा ने बताया कि उनके पिता कोलकाता में रहते हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने मुंबई आकर उनके साथ बैठकर पूरी स्थिति समझने की बात कही। हालांकि, अभिनेत्री और उनकी टीम ने फिलहाल उन्हें मुंबई आने की जरूरत नहीं समझी और मामले को समझने के बाद अगला कदम उठाने का फैसला किया।

  • ‘यह पब्लिसिटी के लिए नहीं है’

अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को किसी तरह की पब्लिसिटी के तौर पर नहीं देखती हैं। उनका कहना है कि उनकी तस्वीर का गलत तरीके से इस्तेमाल हुआ है और इसे जल्द से जल्द हटाया जाना चाहिए, ताकि किसी की छवि को नुकसान न पहुंचे। उन्होंने कहा कि उनकी टीम अब इस मामले में अगले कदम पर विचार कर रही है और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। अभिनेत्री के मुताबिक, स्थिति को देखते हुए उनके पास कानूनी रास्ता अपनाने के अलावा दूसरा विकल्प नहीं बचता।

  • मीडिया से की फोटो वेरिफाई करने की अपील

अंतरा बनर्जी ने मीडिया संस्थानों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी खबर को प्रकाशित करने से पहले संबंधित व्यक्ति और उसकी तस्वीर की अच्छी तरह जांच की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी की फोटो इस्तेमाल करने से पहले उसे वेरिफाई और री-वेरिफाई करना जरूरी है। अभिनेत्री ने कहा कि इस तरह बिना पुष्टि के किसी की तस्वीर का इस्तेमाल करना गैर-जिम्मेदाराना है। गलत पहचान के कारण किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा और उसके परिवार पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

  • क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, एक FIR की रिपोर्टिंग के दौरान अभिनेत्री अंतरा बनर्जी की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया, जबकि FIR में ठाणे की मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी का नाम था। दोनों के नाम में समानता होने के कारण तस्वीर के गलत इस्तेमाल की स्थिति सामने आई। इसके बाद अभिनेत्री अंतरा बनर्जी ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी और संबंधित सामग्री को हटाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular