असम के बाद यूपी में रेल हादसा : कानपुर में चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार AC कोच पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित

कानपुर, 11 नवम्बर। देश में बुधवार को 12 घंटे के भीतर दो रेल हादसे देखने को मिले। गनीमत रही कि दोनों हादसों में यात्री सुरक्षित रहे। सुबह असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन व पांच डिब्बे डिगारू रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गए, जिसमें कुछ यात्रियों को हल्की चोटे आयीं। वहीं शाम को कानपुर सेंट्रल स्टेशन से गोरखपुर की ओर रवाना होने के बाद ही ट्रेन संख्या 15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार एसी कोच बेपटरी हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कानपुर सेंट्रल से ट्रेन छूटने के तनिक बाद ही शाम करीब 5:05 बजे यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। लेकिन ट्रेन डिरेल और देरी की वजह से यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया।

उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 15003 चौरी चौरा एक्सप्रेस बुधवार को कानपुर अनवरगंज स्टेशन से गोरखपुर के लिए निकली। कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर पहुंची। यहां से शाम 5:03 बजे ट्रेन रवाना हुई। इसके करीब दो मिनट बाद यानी 5:05 बजे स्टेशन से आगे बढ़ने के दौरान ट्रेन के चार एसी कोच पटरी से उतर गए। इनमें बी-4, बी-5, बी-6 और बी-7 कोच शामिल हैं। रेलवे के मुताबिक, चारों कोच की एक-एक ट्रॉली पटरी से उतरी।

वहीं डिप्टी चीफ ट्रैफिक मैनेजर आकांशु गोविल ने मीडिया से  बातचीत में कहा, ‘चौरी चौरा एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म नंबर 7 के पास चार डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है। हम जल्द से जल्द बहाली का काम पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं।’

घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। डिप्टी सीटीएम कानपुर के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया। वहीं, प्रयागराज से भी वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।

असम में ट्रेन हादसा : कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 5 डिब्बे पटरी से उतरे, सभी यात्री सुरक्षित

रेलवे की ओर से मौके पर आवश्यक सुरक्षा संबंधी काररवाई की जा रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी। फिलहाल रेलवे प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित कोचों और ट्रैक से जुड़ी स्थिति को सुरक्षित करना तथा यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना है।

इस बीच यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए रेलवे प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं :-

  • कानपुर सेंट्रल स्टेशन : 0512-2323018, 0512-2323016 व 0512-2323015.
  • प्रयागराज जंक्शन : 0532-2408128, 0532-2407353 व 0532-2408149.
  • फतेहपुर स्टेशन : 9151833006.

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से किसी भी तरह की जानकारी अथवा सहायता के लिए उपरोक्त नंबरों पर संपर्क करने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर राहत कार्य जारी है और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular