यूपी : कैबिनेट मंत्री संजय निषाद सड़क दुर्घटना में घायल, निषाद पार्टी के अध्यक्ष की कार प्रतापगढ़ में एस्कॉर्ट से टकराई

प्रतापगढ़, 9 अक्टूबर। निषाद पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष और यूपी के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद बुधवार को यहां एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए हैं, जब उनकी कार उनके एस्कॉर्ट से टकरा गई और काफिले की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्‍त हो गईं। हादसे में संजय निषाद के घुटने में चोटें आईं। उन्हें प्रतापगढ़ के जिला अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही प्रतापगढ़ के डीएम और एसपी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।

बताया जा रहा है कि मंत्री संजय निषाद बुधवार को प्रतापगढ़ के विकास भवन में समीक्षा बैठक के लिए जा रहे थे। इसके बाद उन्हें जिला पंचायत सभागार में मत्स्य पालकों की कार्यशाला को संबोधित करना था। पूर्वाह्न करीब 10 बजे वह रायबरेली सलोन थाना क्षेत्र के करहिया बाजार के पास पहुंचे थे, तभी एस्कॉर्ट के ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिया और मंत्री की कार उससे टकरा गई। इससे मंत्री के दोनों घुटने जख्मी हो गए। चोट को देखते हुए उन्हें रायबरेली एम्स की बजाय सीधे मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ लाया गया।

प्रतापगढ़ में जिलाधिकारी संजीव रंजन, चिकित्सकों की टीम के साथ पहले से डटे थे। अस्पताल पहुंचते ही डॉ. मनोज खत्री और उनकी टीम ने कैबिनेट मंत्री का इलाज किया। मंत्री के घायल होने की सूचना पर उनकी पार्टी के तमाम कार्यकर्ता भी अस्‍पताल पहुंचे।

RELATED ARTICLES

Most Popular