एक दिनी सीरीज : हरमनप्रीत व दीप्ति ने जड़े शतक, 121 रनों की बड़ी जीत से भारत को जिम्ब्बावे पर अजेय बढ़त

वडोदरा, 25 अक्टूबर। टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप हासिल करने के बाद भारतीय महिलाओं ने रविवार को यहां कमजोर जिम्बाब्वे के खिलाफ एक दिनी सीरीज में भी 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली, जब हरमनप्रीत कौर (126 रन, 121 गेंद, 15 चौके) व दीप्ति शर्मा (106 रन, 86 गेंद, 15 चौके) के शतकीय प्रहारों के बाद स्पिनरद्वय वैष्णवी शर्मा व दीप्ति शर्मा ने शेष काम पूरा किया और मेजबानों ने दूसरे महिला मैच में 121 रनों की बड़ी जीत हासिल कर ली।

खराब शुरुआत के बाद 328 रनों तक जा पहुंचा भारत

कोटाम्बी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि खराब रही थी, जब कप्तान स्मृति मंधाना (0) व शेफाली वर्मा (आठ रन, एक चौका) तीन ओवरों में 19 रनों के भीतर नोमवेलो सिबांडा (2-38) की शिकार हो चुकी थीं। लेकिन इसके बाद पिछले मैच की शतकवीर प्रतिका रावल (61 रन, 67 गेंद, दो छक्के, चार चौके) ने जहां पचासा जड़ा वहीं पूर्व कप्तान हरमनप्रीत व दीप्ति के शतकीय प्रहारों से भारत ने छह विकेट पर 328 रनों का भारी भरकम स्कोर खड़ा कर दिया।

वैष्णवी व दीप्ति एंड कम्पनी के साथ जिम्बाब्वे 207 रनों पर सीमित

दुरूह लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम ओपनर मोडेस्टर मुपाचिकवा (49 रन, 70 गेंद, नौ चौके), चिपो मुगेरी तिरिपानो (46 रन, 57 गेंद, सात चौके) और बिलव्ड बिजा (34 रन, 49 गेंद, चार चौके) की कोशिशों के बावजूद दूसरा मैच खेल रहीं वामहस्त स्पिनर वैष्णवी शर्मा (4-39) व ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (3-32) के सामने 48.5 ओवरों में 207 रनों पर सिमट गई।

स्कोर कार्ड

जिम्बाब्वे को पहला झटका नौवें ओवर में लगा, जब श्री चरणी ने ओपनर लॉरिन फिरी (छह रन) को 38 के योग पर लौटाया था। इसके बाद मोडेस्टर व तिरिपानो के बीच 69 रनों की इकलौती अर्धशतकीय भागीदारी देखने को मिली। सयाली सतघरे ने 23वें ओवर में तिरिपानो को बोल्ड मारने के साथ यह भागीदारी तोड़ी तो फिर वैष्णवी व दीप्ति ने लगातार अंतराल पर विकेट झटके और 100 रनों की वृद्धि पर अंतिम नौ बल्लेबाज लौट गईं।

हरमनप्रीत की प्रतिका व दीप्ति संग शतकीय भागीदारियां

इसके पूर्व भारतीय पारी में स्मृति व शेफाली की जल्द विदाई के बाद प्रतिका व हरमनप्रीत ने कमान संभाली और 118 गेंदों पर 124 रनों की शतकीय साझेदारी से दल को गति पकड़ा दी। उसके बाद हरमनप्रीत व दीप्ति के बीच पांचवें विकेट के लिए 137 गेंदों पर 153 रनों की दूसरी बहुमूल्य भागीदारी आ गई।

भारत की ओर से पांचवें विकेट के लिए हुई इस रिकॉर्ड भागीदारी के दौरान ही ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ कौर के बल्ले से जहां आठवां एक दिनी शतक निकला वहीं दीप्ति ने दूसरा सैकड़ा जड़ा और टीम सवा तीन सौ के पार पहुंच गई।

28 अक्टूबर को तीसरे मैच से होगा सीरीज का समापन

दोनों टीमें अब 28 अक्टूबर को इसी ग्राउंड पर तीसरे व अंतिम एक दिनी मैच से सीरीज का समापन करेंगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular