शेयर बाजार ने उतार-चढ़ाव के बीच लगातार चौथे दिन गिरावट देखी, सेंसेक्स 126 अंक कमजोर, निफ्टी 88 अंक टूटा

मुंबई, 23 अक्टूबर। पश्चिम एशिया में एक बार फिर गहराते तनाव के कारण कच्चे तेल की ऊंची कीमत का दबाव घरेलू शेयर बाजार पर लगातार तारी है। इस क्रम में दोनों मानक सूचकांक शुक्रवार को जबर्दस्त उतार-चढ़ाव के बीच लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए।

बीएसई सेंसेक्स जहां 126 अंक कमजोर हुआ वहीं एनएसई निफ्टी 88 अंकों के नुकसान में रहा। विश्लेषकों के अनुसार कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच चौतरफा बिकवाली और महंगाई से कम्पनियों के मुनाफे पर पड़ने वाले असर की चिंता ने निवेशक धारणा को प्रभावित किया।

सेंसेक्स ने दिनभर में 1,314.14 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक 125.56 अंक यानी 0.17 प्रतिशत टूटकर 73,123.83 अंक पर बंद हुआ। पिछली शाम के मुकाबले 416.25 की बढ़त से 73,665.64 अंक पर खुले सूचकांक ने 73,766.51 का उच्चस्तर बनाया, लेकिन कारोबार के दौरान एक समय यह 797.02 अंक तक गिरकर 72,452.37 अंकों तक जा गिरा था। यानी दिनभर के कारोबार में सूचकांक ने 1,314.14 अंकों का उतार-चढ़ाव देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 10 के शेयर मजबूत हुए तो 20 में गिरावट रही।

निफ्टी 87.65 अंकों की गिरावट से 22,600 पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 87.65 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,600 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 54.55 अंक की बढ़त से खुले सूचकांक ने 22,787.25 अंक का उच्चस्तर देखा, लेकिन कारोबार के दौरान यह 315.65 अंकों की गिरावट से 22,372 अंक जा फिसला था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 36 के शेयर लाल निशान पर रुके तो 13 में मजबूती रही।

टाटा स्टील व अदाणी पोर्ट्स में 3% से अधिक की गिरावट

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में टाटा स्टील (3.21%) और अदाणी पोर्ट्स (3.03%) में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट रही। इनके साथ ट्रेंट, टेक महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इंडिगो, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक और हिन्दुस्तान यूनिलीवर के शेयर भी नुकसान में रहे। दूसरी ओर, इटर्नल, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी इंडिया, इन्फोसिस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में तेजी रही।

ब्रेंट क्रूड 1.10% बढ़कर 114.42 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंचा

इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.10 प्रतिशत बढ़कर 114.42 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 3,458.70 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,891.32 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular