पीएम मोदी के पिता पर खरगे की विवादित टिप्पणी से बिफरी भाजपा, आज देशभर में प्रदर्शन का ऐलान

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर विवादित टिप्पणी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भड़क उठी है और उसने खरगे के खिलाफ सोमवार को देशभर में प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि खरगे रविवार को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान एक शख्स की टिप्पणी में अचानक आपा खो बैठे और बोले – ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाषण के दौरान खोया अपना आपा, बोल बैठे- ‘मोदी का बाप भी जाएगा’

खरगे के इसी बयान को ‘अभद्र और अमर्यादित’ करार देते हुए भाजपा ने देशभर में इसके खिलाफ प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है। भाजपा की तरफ से कहा गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान के खिलाफ कल सोमवार को पार्टी देश के सभी राज्यों में प्रदर्शन करेगी।

देशभर के सभी राज्य मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी भाजपा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भाजपा की तरफ से जारी बयान में सभी राज्यों में प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया है। बयान में कहा गया, ‘पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी की गई। इसके विरोध में भारतीय जनता पार्टी कल (सोमवार) को देशभर के सभी राज्य मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन करेगी।’

खरगे के खिलाफ भाजपा ने खोला मोर्चा

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले में कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि खरगे जी जैसे व्यक्ति से उम्मीद की जाती है कि वह ऐसी अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं करेंगे। उन्होने कहा, ‘प्रधानमंत्री जी के पिताजी के बारे में की गई टिप्पणियों से मेरा मन बहुत व्यथित है। खड़गे जी जैसे व्यक्ति से यह उम्मीद की जाती थी कि वे अमर्यादित नहीं होंगे।’

शिवराज ने पूछा- क्या सोनिया गांधी के इशारे पर खरगे ने ऐसी भाषा का प्रयोग किया

केंद्रीय कृषि मंत्री ने इस मामले में सोनिया गांधी को लपेटते हुए कहा कि क्या उनके इशारे पर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने इस तरह की भाषा का प्रयोग किया है? उन्होंने कहा, ‘मैं सोनिया गांधी जी से पूछना चाहता हूं कि क्या मल्लिकार्जुन खरगे जी ने प्रधानमंत्री जी के पूज्य पिताजी के लिए इस भाषा का इस्तेमाल उनके इशारे पर किया है? क्या राहुल गांधी और गांधी परिवार के इशारे पर किया है? अगर नहीं किया है, तो क्या मल्लिकार्जुन खरगे इस्तीफा देंगे?’

संबित पात्रा ने भी कांग्रेस अध्यक्ष पर साधा निशाना

भाजपा प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने भी इस मामले में कांग्रेस अध्यक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘आज मल्लिकार्जुन खरगे ने, जो कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष हैं, पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक ली। जब वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे, उसी समय कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता मंच के नीचे खड़े हो गए और उन्होंने खरगे जी की कुछ बातों पर आपत्ति जताई। उनमें से एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि, ‘मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं।’ कांग्रेस के कार्यकर्ता खड़े हुए और उनमें से एक कार्यकर्ता ने स्पष्ट रूप से कहा कि हमारे नॉन-फंक्शनिंग अध्यक्ष तो हमेशा छुट्टी पर रहते हैं। ऐसे में कांग्रेस पार्टी चुनाव कैसे जीत पाएगी? मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं। मुझे बहुत दुख हुआ, जिस प्रकार की प्रतिक्रिया मल्लिकार्जुन खरगे की थी। खड़गे जी ने कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’

यह कांग्रेस पार्टी में रिजीम चेंज के फ्रस्ट्रेशन का परिणाम

भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा, ‘मैं मानता हैं कि यह सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कहलवाया है। यह बहुत ही निंदनीय है और मुझे लगता है कि आज कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को पता है कि वास्तविकता क्या है। यह कांग्रेस पार्टी में रिजीम चेंज के फ्रस्ट्रेशन का परिणाम है।’

भाजपा ने खरगे के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत

इस बीच बिहार में भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाकर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पटना के कोतवाली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम खरगे की टिप्पणी के संबंध में शिकायत सौंपी गई। अधिकारी ने कहा, ‘चूंकि यह घटना गांधी मैदान थाना क्षेत्र में हुई है, इसलिए हम शिकायत वहां स्थानांतरित कर रहे हैं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular