भारतीय महिलाएं पेरिस ओलम्पिक के टिकट से वंचित, FIH महिला ओलम्पिक क्वालीफायर के तीसरे स्थान के मैच में जापान से परास्त

रांची, 19 जनवरी। भारतीय महिला हॉकी टीम शुक्रवार को यहां FIH महिला ओलम्पिक क्वालीफायर में तीसरे स्थान का संघर्षपूर्ण मैच जापान के हाथों 0-1 से गंवा बैठी। इसके साथ ही जून में प्रस्तावित पेरिस ओलम्पिक खेलों के टिकट से उसे वंचित होना पड़ा।

जापान को पहले क्वार्टर में मिली बढ़त अंत तक कायम रही

एफआईएच विश्व रैंकिंग में सातवें क्रम पर मौजूद मेजबान महिलाओं ने घरेलू समर्थकों के सामने मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके स्टेडियम में यथासंभव संघर्ष किया, लेकिन छठे मिनट में युराटा काना के पेनाल्टी कॉर्नर गोल से जापान ने जो बढ़त हासिल की, उसे अंत तक कायम रखने में सफल रही।

जर्मनी व अमेरिका के साथ ओलम्पिक की अर्हता पाने वाला तीसरी देश बना जापान

इसके साथ ही जापान ने जहां पेरिस खेलों का टिकट कटाया वहीं हांगझू एशियाई खेलों के कांस्य पदक के मुकाबले में भारत के हाथों मिली 1-2 की शिकस्त का हिसाब भी चुकता कर लिया। जर्मनी व अमेरिका ने गुरुवार को फाइनल में प्रवेश के साथ ही पेरिस खेलों की अर्हता हासिल कर ली थी। आज देर शाम खेले गए फाइनल में जर्मनी ने अमेरिका को 2-0 से हराकर क्वालीफायर में चैम्पियन का श्रेय अर्जित किया। दरअसल, इस ओलम्पिक क्वालीफायर के जरिए पेरिस ओलम्पिक के लिए तीन टीमों का निर्धारण होना था।

भारत गुरुवार की रात सडेन डेथ पेनाल्टी शूटआउट तक खिंचे सेमीफाइनल में जर्मनी के हाथों 3-4 (2-2) से हार गया था जबकि अमेरिका ने एक अन्य सेमीफाइनल में जापान को 2-1 से हराया था। भारतीय महिलाओं ने आज एक गोल से पिछड़ने के बाद दबाव बनाने की काफी कोशिश की और कुछ शॉर्ट कॉर्नर भी अर्जित किए, लेकिन जापान रक्षा पंक्ति अभेद्य नजर आई और अंततः मेजबानों को मायूस होना पड़ा।

बेल्जियम व स्पेन ने भी हासिल किया ओलम्पिक टिकट

उधर वेलेंसिया में भी ओलम्पिक क्वालीफायर जारी है, जहां बेल्जियम और स्पेन ने फाइनल में प्रवेश के साथ दो अन्य ओलम्पिक टिकट हासिल कर लिया है। मेजबान स्पेन ने गुरुवार की रात सेमीफाइनल में निर्धारित समय तक गोलरहित बराबरी के बाद आयरलैंड को पेनाल्टी शूटआउट में 3-0 से हराया था जबकि बेल्जियम ने ग्रेट ब्रिटेन पर 3-2 की जीत से फाइनल में प्रवेश किया था। शनिवार को बेल्जियम व स्पेन के बीच फाइनल होगा जबकि आयरलैंड व ग्रेट ब्रिटेन के बीच तीसरे स्थान के मैच की विजेता टीम पेरिस ओलम्पिक का टिकट हासिल करेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular