![सीएम योगी के बाढ़ इंतजाम से भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह नाखुश, कहा – ‘बोलेंगे तो बागी कह देंगे’](https://hindi.revoi.in/wp-content/uploads/2022/10/बृज-भूषण-शरण-सिंह.jpg)
सीएम योगी के बाढ़ इंतजाम से भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह नाखुश, कहा – ‘बोलेंगे तो बागी कह देंगे’
गोंडा, 14 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ ने कहर ढा रखा है। योगी सरकार बाढ़ पीड़ितों के लिए भरपूर इंतजाम का दावा कर रही है। लेकिन भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह तो बाढ़ इंतजामों को लेकर अपनी ही सरकार पर बरस पड़े। सांसद ने यहां तक कह दिया, ‘हम बोलेंगे तो बागी कहलाएंगे। यहां बोलना मना है। केवल सुनिए और सुझाव दीजिए, लेकिन सुझाव भी कोई मानेगा नहीं।’
कैसरगंज से भाजपा सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को कहा कि बाढ़ से पहले एक तैयारी की बैठक होती है। कोई तैयारी की बैठक ही नहीं हुई। भगवान के भरोसे सबकुछ है। लोग इंतजार कर रहे हैं कि कब पानी रुकेगा और कब उनकी तकलीफ कम होगी।
अपनी जिंदगी में नहीं देखा इतना खराब इंतजाम
सांसद ने कहा, ‘मैंने अपनी जिंदगी में इतना खराब इंतजाम कभी नहीं देखा। हम लोग रो भी नहीं सकते। अपने भाव को व्यक्त भी नहीं कर सकते।’ सरकार को सलाह के सवाल पर बृज भूषण शरण ने कहा कि अब सलाह का अवसर नहीं है। सलाह का अवसर बाढ़ आने से पहले होता है। लेकिन बोलना बंद है। केवल सुनना है।
‘जनप्रतिनिधियों की जबान बंद कर दी गई है‘
उन्होंने कहा, ‘जनप्रतिनिधियों की जबान बंद कर दी गई है। बोलने पर बागी कहलाएंगे। सुझाव देंगे तो कोई मानेगा नहीं। अपने स्तर से ही जो कुछ हो रहा है, किया जा रहा है। एक ट्रैक्टर ट्राली लगवाया गया है, ताकि बुजुर्ग लोग और महिलाएं आ-जा सकें।’
लग्जरी गाड़ी छोड़कर ट्रैक्टर से पहुंचे घर
इससे पहले गुरुवार को भी गोंडा में बृज भूषण शरण सिंह बाढ़ की परेशानियों से घिरे दिखे थे और अपनी लग्जरी गाड़ी छोड़कर ट्रैक्टर से घर पहुंचे थे। बृजभूषण शरण सिंह को अपने आवास जाने के लिए ढेमवा रोड पर मंहगूपुर गांव के पास ट्रैक्टर का सहारा लेना पड़ा था।