Site icon Revoi.in

अमेरिका के कोलोराडो नाइट क्लब में गोलीबारी, 5 लोगों की मौत, 18 घायल

Social Share

कोलोराडो, 20 नवम्बर। अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स शहर के एक नाइट क्लब में रविवार (भारतीय समयानुसार) को ताबड़तोड़ गोलीबारी होने की खबर सामने आई है। इस हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई जबकि 18 लोग घायल हुए है।

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कोलोराडो स्प्रिंग्स पुलिस विभाग के अधिकारी लेफ्टिनेंट पामेला कास्त्रो ने बताया कि एलजीबीटीक्यू नाइट क्लब में शनिवार देर रात हुई गोलीबारी में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। आंकड़ों में बदलाव भी हो सकता है। मामले की जांच की जा रही है। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि रात 11.57 बजे गोलीबारी के बारे में कॉल आई, जिसके तुरंत बाद पुलिस टीम क्लब में पहुंची। वहीं, पुलिस ने एक व्यक्ति को संदिग्ध मानते हुए उसे हिरासत में भी लिया है। इस गोलीबारी में संदिग्ध व्यक्ति भी घायल हो गया था, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इस गोलीबारी के बारे में जानकारी देते हुए एलजीबीटीक्यू नाइट क्लब ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा, ‘हमारे समुदाय पर मूर्खतापूर्ण हमले से बर्बादी। हम हीरो जैसे कस्टमरों की त्वरित प्रतिक्रियाओं का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने हमलावर को वश में कर लिया और इस घृणास्पद हमले को रोक दिया।’

अमेरिका में इस वर्ष जुलाई तक सामूहिक गोलीबारी की 309 घटनाएं हुईं

गौरतलब है कि अमेरिका में गोलीबारी की यह कोई पहली घटना नहीं है। आए दिन यहां ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। अमेरिका में सामूहिक गोलीबारी और हत्याकांड के आंकड़े तैयार करने वाली संस्था ‘द गन वॉयलेंस आर्काइव’ के मुताबिक, 2022 में जुलाई तक 309 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं सामने आई थीं।

आंकड़ों के मुताबिक चौंकाने वाली बात यह है कि इन सामूहिक हत्याकांडों में 0 से 11 साल के 179 बच्चों और 12 से 17 साल के 670 किशोरों की मौत हो चुकी है। ‘गन वायलेंस आर्काइव’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 2021 में 693 सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं हुई। 2019 में 417 जगहों पर ऐसी ही वारदातों को अंजाम दिया गया।