गांधीनगर, 15 सितंबर। सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से गुजरात के गांधीनगर में मंगलवार, 15 सितंबर से वर्ल्ड सर्कुलर इकोनॉमी फोरम (WCEF) 2026 की शुरुआत होगी। इस वर्ष फोरम की थीम ‘सर्कुलर इकोनॉमी: लोगों और समृद्धि के लिए बदलाव’ रखी गई है। फोरम का उद्घाटन केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल संयुक्त रूप से करेंगे। एक अधिकारी के मुताबिक, भारत द्वारा WCEF 2026 की मेजबानी दक्षिण एशिया में पहली बार हो रही है।
65 से ज्यादा देशों के 2,000 से अधिक हितधारक होंगे शामिल
कार्यक्रम में 65 से अधिक देशों के 2,000 से ज्यादा हितधारकों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें कारोबारी जगत के प्रतिनिधि, उद्यमी, इनोवेटर, शोधकर्ता, नीति निर्माता, शिक्षाविद और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे। फोरम का उद्देश्य ग्लोबल साउथ के देशों के साथ सहयोग बढ़ाना, सर्कुलर फाइनेंस और निजी क्षेत्र के निवेश को प्रोत्साहित करना तथा नीतिगत संवाद और विभिन्न क्षेत्रों के बीच साझेदारी को मजबूत करना है।
इन मुद्दों पर होगी चर्चा
15 और 16 सितंबर को आयोजित होने वाले फोरम में चार मुख्य सत्र और 16 समानांतर विषयगत सत्र होंगे। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोजगार की संभावनाएं, ऊर्जा उत्पादन, वित्त, गवर्नेंस, टिकाऊ उत्पाद, औद्योगिक समाधान, स्टार्टअप इकोसिस्टम और युवा नेतृत्व जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा सर्कुलर इकोनॉमी को बढ़ावा देने में इनोवेशन, डिजिटलाइजेशन और आधुनिक तकनीक की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
125 से ज्यादा प्रदर्शक लगाएंगे एक्सपो
कार्यक्रम के दौरान एक एक्सपो भी आयोजित किया जाएगा। इसमें 125 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। एक्सपो में स्टार्टअप्स की ओर से विकसित किए गए व्यावहारिक सर्कुलर समाधान और निवेश के लिहाज से तैयार इनोवेशन प्रदर्शित किए जाएंगे। सर्कुलर इकोनॉमी का मूल उद्देश्य मौजूदा सामग्री और उत्पादों का दोबारा इस्तेमाल, मरम्मत और रीसाइक्लिंग करना है, ताकि उन्हें मूल्यवान संसाधनों के तौर पर अर्थव्यवस्था में दोबारा शामिल किया जा सके।
भारत ने संभाली 10 YFP बोर्ड की सह-अध्यक्षता
WCEF के साथ ही ‘सस्टेनेबल कंजम्पशन एंड प्रोडक्शन पैटर्न्स पर 10-ईयर फ्रेमवर्क ऑफ प्रोग्राम्स’ (10 YFP) का बोर्ड भी 15 सितंबर को गांधीनगर में व्यक्तिगत बैठक करेगा। भारत ने हाल ही में 10 YFP बोर्ड के को-चेयर की भूमिका संभाली है। इसे टिकाऊ खपत और उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में भारत की दीर्घकालिक भूमिका के तौर पर देखा जा रहा है।
17 और 18 सितंबर को होंगे 80 एक्सेलेरेटर सेशन
बयान के मुताबिक, 17 और 18 सितंबर को दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में ग्लोबल सहयोगियों की ओर से करीब 80 एक्सेलेरेटर सेशन आयोजित किए जाएंगे। इनका आयोजन ऑनलाइन, हाइब्रिड और व्यक्तिगत, तीनों तरीकों से किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में गुजरात के वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री अर्जुनभाई मोधवाडिया, फिनलैंड के राजदूत मिक्को किविकोस्की और केंद्र एवं गुजरात सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।


