दुबई, 6 अगस्त। एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने गुरुवार को महिला T20 एशिया कप 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया, जो 28 अगस्त से 13 सितम्बर तक दुबई में खेला जाएगा। इस दौरान तीन बार की चैम्पियन भारतीय टीम पांच सितम्बर को पाकिस्तान के साथ अपनी पुरानी प्रतिद्वंद्विता फिर आगे बढ़ाएगी।
भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड व हांगकांग (चीन) ग्रुप ए में
आठ टीमों वाली इस प्रतियोगिता को चार-चार टीमों के दो समूहों में बांटा गया है। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, थाईलैंड और हांगकांग (चीन) शामिल हैं जबकि ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, इंडोनेशिया और मेजबान संयुक्त अरब अमीरात हैं।
हरमनप्रीत कौर की अगुआई में उतरने वाली भारतीय टीम पांच सितम्बर को पाकिस्तान से बहुप्रतीक्षित मुकाबले के पहले 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी और फिर तीन सितम्बर को हांगकांग (चीन) का सामना करेगी।
𝐓𝐡𝐞 𝐰𝐚𝐢𝐭 𝐢𝐬 𝐨𝐯𝐞𝐫 🙌
The official fixtures for the #𝐃𝐏𝐖𝐨𝐫𝐥𝐝𝐖𝐨𝐦𝐞𝐧𝐬𝐀𝐬𝐢𝐚𝐂𝐮𝐩𝟐𝟎𝟐𝟔 are here. All matches will be played under lights at the Dubai International Stadium as Asia's finest go head-to-head for continental glory 🏆#ACC pic.twitter.com/p4PgjbtdIW
— AsianCricketCouncil (@ACCMedia1) August 6, 2026
टूर्नामेंट की शुरुआत 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में थाईलैंड और हांगकांग (चीन) के बीच होने वाले मैच से होगी। श्रीलंका 29 अगस्त को UAE के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा जबकि बांग्लादेश 31 अगस्त को इंडोनेशिया के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा।
पाकिस्तान के बचे हुए लीग मैचों में उसका सामना एक सितम्बर को थाईलैंड और सात सितंबर को हांगकांग (चीन) से होगा। 2025 में आयोजित पिछले संस्करण का विजेता श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ अपने शुरुआती गेम के बाद दो सितम्बर को इंडोनेशिया और छह सितम्बर को बांग्लादेश से खेलेगा। बांग्लादेश आठ सितम्बर को यूएई के खिलाफ अपने ग्रुप-स्टेज मुकाबलों का समापन करेगा जबकि इंडोनेशिया भी चार सितम्बर को यूएई से भिड़ेगा।
दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की दूधिया रोशनी में खेले जाएंगे मुकाबले
प्रत्येक समूह से शीर्ष दो टीमें नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी। दोनों सेमीफाइनल क्रमशः 10 व 11 सितम्बर खेले जाएंगे। महाद्वीपीय चैम्पियन का फैसला 13 सितम्बर को होगा। सेमीफाइनल और फाइनल सहित टूर्नामेंट के सभी 15 मैच दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की दूधिया रोशनी में खेले जाएंगे।


