Site icon Revoi.in

WFI के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह आज दें सकते हैं इस्तीफा! गोंडा में दोपहर 12 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

Social Share

नई दिल्ली, 20 जनवरी। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर पहलवानों द्वारा लगे गंभीर आरोपों के मामले ने तूल पकड़ ली है। हालांकि, बृजभूषण शरण सिंह ने सफाई देते हुए सभी आरोपों को निराधार बताया है। इस बीच आज दोपहर 12 बजे उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के नवाबगंज स्थित कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र में बृजभूषण शरण प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। माना जा रहा है कि वे इस कॉन्फ्रेंस में इस्तीफा दे सकते हैं।

बता दें कि दिल्ली ओलिंपिक व अन्य अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता पहलवान शुक्रवार को तीसरे दिन भी जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे हैं। वे भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कैसरगंज से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह से इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। ओलिंपियन विनेश फौगाट ने कहा कि बृजभूषण का त्यागपत्र लेंगे और जेल भी भिजवाएंगे। जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, प्रदर्शन जारी रहेगा। हमारी जान चली जाए मंजूर है, लेकिन कुश्ती के भविष्य को संवारकर ही दम लेंगे।

बीते दिन केंद्र सरकार की ओर से पूर्व पहलवान बबीता फौगाट जंतर-मंतर पर पहुंचीं और प्रदर्शन कर रहे पहलवानों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उनके साथ बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक ने सरकार के प्रतिनिधियों से भेंट की। विनेश ने कहा कि हमने बृजभूषण शरण सिंह पर जो इल्जाम लगाए हैं वो पूरी तरह से सही हैं। कल तक हमारे साथ एक महिला पहलवान थी, लेकिन अब चार से पांच पहलवान हैं, जिनके साथ गलत हुआ है।
हमें सामने आने के लिए मजबूर नहीं किया जाए। हम सम्मान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। सबके सामने यह नहीं कहना चाहते कि हमारे साथ क्या-क्या हुआ है। हम कानूनी तरीके से आगे नहीं जाना चाहते, लेकिन समाधान नहीं निकला तो एफआइआर भी दर्ज कराएंगे। अगर हम जैसे पहलवानों के साथ ऐसा हो रहा है तो बाकी लड़कियां कितनी सुरक्षित हैं। अगर हम भी सुरक्षित नहीं हैं तो हिंदुस्तान में एक भी लड़की का जन्म नहीं होना चाहिए।