Homeहिन्दीखेलपेरिस ओलम्पिक : विनेश फोगाट ने रचा इतिहास, पहली बार भारत की...

पेरिस ओलम्पिक : विनेश फोगाट ने रचा इतिहास, पहली बार भारत की महिला पहलवान फाइनल में

पेरिस, 6 अगस्त। भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने पेरिस ओलम्पिक खेलों में मंगलवार की शाम इतिहास रच दिया, जब वह महिलाओं की 50 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के फाइनल में जा पहुंचीं। दरअसल, ओलम्पिक इतिहास में यह पहला अवसर है, जब कोई महिला पहलवान स्वर्ण पदक के लिए जोर आजमाइश करेगी।

फोगाट ने सेमीफाइनल में क्यूबाई गुजमैन को 5-0 से शिकस्त दी

चैंप-डी-मार्स एरिना में आज ही दिन में दो मुकाबले जीतकर ओलम्पिक के तीन प्रयासों में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचीं  हरियाणा की 29 वर्षीया कद्दावर विनेश ने शाम को मौजूदा पैन अमेरिकन गेम्स चैंपियन क्यूबाई युस्नेलिस गुजमैन लोपेज को भी 5-0 से हराया।

विनेश अब स्वर्ण पदक के लिए अमेरिकी सारा एन हिल्डेब्रांट से भिड़ेंगी

विनेश ने इसके साथ ही भारत के लिए कुश्ती में कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब वह बुधवार को स्वर्ण पदक के लिए अमेरिकी सारा एन हिल्डेब्रांट से मुकाबला करेंगी, जिन्होंने दूसरे सेमीफाइनल में मंगोलियाई डोल्गोराव ओगोंजरगल को समान अंतर 5-0 से शिकस्त दी।

पिछले माह मैड्रिड में अपने ग्रां प्री ऑफ स्पेन खिताब के रास्ते गुजमैन को 12-4 से हरा चुकीं विनेश ने पहले राउंड में बेहतरीन फुटवॉर्क और डिफेंस के जरिए एक प्वॉइंट के साथ खाता खोला और अपने इरादे साफ कर दिए।

इसके बाद भारतीय पहलवान ने टेक-डाउन के जरिए दो और प्वॉइंट हासिल करते हुए बाउट पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। अपना दूसरा ओलम्पिक खेल रहीं गुजमैन लोपेज के खिलाफ मैच के अखिरी पड़ाव में विनेश ने दो और अंक हासिल करते हुए मुकाबला 5-0 से जीत कर फाइनल में जगह बना ली।

पेरिस ओलम्पिक : विनेश फोगाट का करिश्माई प्रदर्शन, ओलम्पिक व विश्व चैम्प‍ियन जापानी मल्ल सुसाकी का अजेय क्रम तोड़ा

साक्षी मलिक का कांस्य महिला कुश्ती में भारत का अब तक इकलौता पदक

ओलम्पिक के पिछले दो संस्करणों में क्वार्टरफाइनल से आगे नहीं बढ़ सकीं विनेश इस जीत के साथ ओलम्पिक फाइनल में जगह बनानी वाली पहली भारतीय महिला पहलवान बन गईं। इससे पहले साक्षी मलिक ने रियो 2016 में कांस्य पदक अपने नाम किया था, जो अब तक महिला कुश्ती में भारत का इकलौता पदक है। हालांकि पुरुष वर्ग में भारत अब तक दो रजत व चार कांस्य सहित कुल छह पदक जीत चुका है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments