हुगली, 11 अगस्त। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली कैपिटल्स के पारी की शुरुआत करने वाले बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल को एक मेडिकल छात्रा की शिकायत पर दर्ज आपराधिक मामले में गिरफ्तार किया गया है। छात्रा ने बलात्कार, आपराधिक धमकी और अन्य गंभीर अपराधों का आरोप लगाया था।
हुगली ग्रामीण पुलिस के एसपी कुनार भूषण सिंह ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने क्रिकेटर को दम दम पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले एमामी सिटी से गिरफ्तार किया। इससे पहले जून में, पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि क्रिकेटर ने शादी का झूठा वादा करके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
जमानत नहीं मिली, तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजे गए पोरेल
चिनसुराह की एक अदालत ने पोरेल को जमानत देने से इनकार कर दिया और तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। कुनार भूषण सिंह ने बताया, ‘उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था और उसे गिरफ्तार करने का अदालत का आदेश था। उसे कल देर रात गिरफ्तार किया गया। उसे आज अदालत में पेश किया गया।’
पोरेल को मोगरा पुलिस ने उत्तर 24 परगना जिले के दम दम स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी तब हुई, जब 20 जुलाई को कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पुलिस को मामले के सिलसिले में क्रिकेटर को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया।
अदालत ने शिकायतकर्ता की तस्वीरों के प्रसार को रोकने के लिए उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त करने का भी आदेश दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने पोरेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोगरा पुलिस स्टेशन में पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि वे लगभग साढ़े तीन साल से ‘रिलेशनशिप’ में थे और शादी करने की योजना बना रहे थे।
छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों ने एक साथ विदेश यात्रा की थी, लेकिन पोरेल ने बाद में अपने रिश्ते से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया था, लेकिन उस समय कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई थी।
कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्दश पर हुई काररवाई जून की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और टीमें चंदननगर में पोरेल के आवास पर कई बार गईं, लेकिन वह वहां नहीं मिले। महिला ने बाद में कलकत्ता उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद अदालत ने पुलिस को 20 जुलाई को पोरेल को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। क्रिकेटर पर बलात्कार के आरोप के अलावा आपराधिक धमकी और अन्य अपराधों के आरोप भी शामिल हैं। हालांकि पोरेल ने पहले आरोपों से इनकार किया था।

