चेन्नई ओपन : वैष्णवी-ऋतुजा ने इतिहास रचा, WTA टूर की किसी स्पर्धा में पहली बार कोई भारतीय जोड़ी फाइनल में

चेन्नई, सात नवम्बर। भारत की वैष्णवी अडकर और ऋतुजा भोसले ने शनिवार को यहां चेन्नई ओपन WTA 250 टेनिस टूर्नामेंट के युगल फाइनल में प्रवेश के साथ इतिहास रच दिया। दरअसल, डब्ल्यूटीए टूर स्तर के किसी टूर्नामेंट में पहली बार कोई भारतीय जोड़ी फाइनल तक पहुंची है।

पोलिश-अमेरिकी खिलाड़ियों की दूसरी सीड जोड़ी को स्तब्ध किया

पुणेवासी गैर वरीय वैष्णवी व भोसले ने नुंगमबक्कम स्थित एसडीएटी टेनिस स्टेडियम के सेंटर कोर्ट पर रोमांचक सेमीफाइनल में बड़ा उलटफेर करते हुए दूसरी सीड पोलैंड की वेरोनिका फाल्कोस्का अमेरिका की अलाना स्मिथ को चौंकाया और एक घंटा 31 मिनट तक खिंची कश्मकश में 6-2, 2-6, 10-8 से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई।

फाइनल में स्विस टीम से होगी टक्कर

30 वर्षीय ऋतुजा व उनसे उम्र में नौ वर्ष छोटी वैष्णवी पहला सेट आसानी से जीतने के बाद दूसरे सेट में लड़खड़ा गई, लेकिन उसने निर्णायक सुपर टाई-ब्रेक में संयम बनाए रखा और जीत हासिल की। भारतीय जोड़ी की रविवार को स्विट्जरलैंड की नाइमा कारामोको व सिमोना वाल्टेर्ट से खिताबी टक्कर होगी।

वस्तुत: यह उपलब्धि भारतीय महिला टेनिस के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले किसी भी ऐसी जोड़ी ने डब्ल्यूटीए टूर स्तर के फाइनल में जगह नहीं बनाई थी, जिसमें दोनों खिलाड़ी भारत की हों। शिखा ओबरॉय और उनकी बहन नेहा 2005 के सनफीस्ट ओपन और ग्वांगझू ओपन के फाइनल में पहुंची थीं, लेकिन नेहा ने अमेरिका का प्रतिनिधित्व किया था। इस तरह से वह भारत और अमेरिका की जोड़ी बन गई थी।

वहीं पूर्व भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने अपने शानदार करिअर के दौरान ग्रैंड स्लैम स्पर्धाओं सहित डब्ल्यूटीए टूर  में 43 युगल खिताब जीते थे, लेकिन उन्होंने कभी भी किसी भारतीय खिलाड़ी के साथ जोड़ी नहीं बनाई।

इसी प्रकार अंकिता रैना और करमन थंडी ने 2018 में डब्ल्यूटीए 125 युगल खिताब जीता, जो मुख्य टूर से एक स्तर नीचे है। इसके अलावा प्रार्थना थोम्बारे ने नीदरलैंड्स की अपनी साथी एरियन हार्टोनो के साथ तीन डब्ल्यूटीए 125 फाइनल में जगह बनाई।

पहले सेट के तीसरे गेम में अडकर-भोसले ने हासिल किया पहला ब्रेक

मुकाबले की बात करें तो पहले सेट में अडकर और भोसले पूरी तरह से नियंत्रण में दिखीं और अपने प्रतिद्वंद्वियों की गलतियों का फायदा उठाते हुए 4-1 की शानदार बढ़त हासिल कर ली। तीसरे गेम में भारतीयों ने पहली बार सर्विस ब्रेक की, जब अडकर ने स्मिथ की दूसरी सर्व पर जोरदार रिटर्न शॉट लगाया जिसका फाल्कोस्का जवाब नहीं दे पाईं। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने यह सेट आसानी से अपने नाम किया।

हालांकि दूसरे सेट में खेल का रुख बदल गया। भारतीय जोड़ी ने तीसरे और पांचवें गेम में स्मिथ और फाल्कोस्का की सर्विस तोड़ने के मौके गंवा दिए। इससे प्रतिद्वंद्वी जोड़ी को यह सेट जीतकर मैच को निर्णायक सुपर टाई ब्रेक तक पहुंचाने में मदद मिली।

सुपर टाई-ब्रेक में दो बार पिछड़ने के बाद भारतीयों ने की वापसी

निर्णायक सुपर टाई-ब्रेक में फाल्कोस्का व स्मिथ ने 3-0 की बढ़त बना ली, लेकिन भारतीय जोड़ी ने अच्छी वापसी की। इसके बाद फिर से भारतीय जोड़ी 6-8 से पिछड़ गई, लेकिन उन्होंने लगातार चार अंक बनाकर फाइनल में अपनी जगह सुरक्षित की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular