बनासकांठा,10 नवंबर। दीपावली के उत्सव के बाद गुजरात में गुजराती नववर्ष यानी बेस्टू वर्ष का उल्लास छाया हुआ है। विक्रम संवत 2083 के शुभारंभ पर विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ अंबाजी धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। नए साल की मंगलमय शुरुआत करने के लिए सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। गुजरात समेत दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त मां अंबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। नववर्ष के पावन अवसर पर आज सुबह 6 बजे अंबाजी मंदिर में मां अंबा की विशेष मंगला आरती आयोजित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मां अंबा की आरती और जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। भक्तों ने आरती में शामिल होकर मां का आशीर्वाद लिया और नए साल के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।
मां अंबा के दर्शन से नए साल की शुरुआत
गुजराती संस्कृति और सनातन परंपरा में बेस्टू वर्ष का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। दीपावली के अगले दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से विक्रम संवत के नए वर्ष का शुभारंभ होता है। यह अवसर पुराने वर्ष को विदाई देकर नई उम्मीदों, नए संकल्पों और सकारात्मक विचारों के साथ जीवन की नई शुरुआत करने का प्रतीक माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु अपने आराध्य देव के दर्शन कर पूरे वर्ष सुख, शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हैं। साथ ही सत्कर्म, सेवा, परोपकार और धर्म के मार्ग पर चलने का संकल्प भी लेते हैं।
50 साल से अंबाजी में नववर्ष की आरती में शामिल हो रहा परिवार
शक्तिपीठ अंबाजी में नववर्ष के अवसर पर दर्शन करने पहुंचीं श्रद्धालु दर्शना बारोट ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि उनका परिवार पिछले करीब 50 वर्षों से बेस्टू वर्ष के मौके पर अंबाजी मंदिर में आयोजित आरती में शामिल होता आ रहा है। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर वह सभी भारतीयों की प्रगति और खुशहाली की कामना करती हैं।
भक्ति और आस्था के साथ नए संवत का स्वागत
श्रद्धालुओं का विश्वास है कि नए साल की शुरुआत मां अंबा के दर्शन और आशीर्वाद से हो तो पूरा वर्ष मंगलमय रहता है। यही वजह है कि हर साल बेस्टू वर्ष पर अंबाजी धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। नए संवत के स्वागत में अंबाजी धाम का माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। मां अंबा के जयकारों और आरती की गूंज के बीच श्रद्धालु प्रार्थना कर रहे हैं कि विक्रम संवत 2083 सभी के जीवन में नई खुशियां, तरक्की, सुख-शांति और समृद्धि लेकर आए।


