Microsoft Outage : माइक्रोसॉफ्ट का सर्वर डाउन, Outlook और Teams समेत कई सेवाएं ठप

नई दिल्ली/सैन फ्रांसिस्को, 13 नवंबर। Microsoft Outage: दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट की प्रमुख क्लाउड और वर्कप्लेस सेवाओं में गुरुवार देर रात बड़ी तकनीकी खराबी आ गई। इस आउटेज के चलते अमेरिका, ब्रिटेन और भारत समेत 74 से अधिक देशों में यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक (Outlook), टीम्स (Teams), शेयरपॉइंट (SharePoint) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल कोपायलट (Copilot) जैसी सेवाएं प्रभावित होने से दुनियाभर में लाखों लोगों का कामकाज बाधित हो गया।

इस तकनीकी खराबी का असर खासतौर पर उन कंपनियों और संस्थानों पर पड़ा, जहां रोजमर्रा के कामकाज के लिए माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं का इस्तेमाल किया जाता है। ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने और फाइल साझा करने में परेशानी आने से कई दफ्तरों का काम प्रभावित हुआ।

इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ा लोड, सर्वर अनुपलब्ध होने से आई समस्या

माइक्रोसॉफ्ट ने आधिकारिक बयान में बताया कि उसके इंफ्रास्ट्रक्चर के एक हिस्से पर अचानक जरूरत से ज्यादा लोड पड़ गया। इसके साथ ही कई सर्वर्स के अनुपलब्ध होने से कनेक्टिविटी संबंधी समस्याएं पैदा हुईं। शुरुआत में यह तकनीकी गड़बड़ी अमेरिका में सामने आई, लेकिन कुछ ही समय में इसका असर दुनिया के दूसरे देशों तक पहुंच गया।समस्या को नियंत्रित करने के लिए कंपनी ने नए डिप्लॉयमेंट रोक दिए। इसके अलावा प्रभावित ट्रैफिक को वैकल्पिक इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर डायवर्ट किया गया और खराबी से प्रभावित सर्वर्स को रीस्टार्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

Downdetector पर शिकायतों की बाढ़, अमेरिका में 1.31 लाख से ज्यादा रिपोर्ट

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं प्रभावित होने के बाद आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर (Downdetector) पर शिकायतों की संख्या तेजी से बढ़ गई। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय समयानुसार गुरुवार रात करीब 11:45 बजे तक अकेले अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक की सेवाओं को लेकर 1.31 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं।आउटलुक इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को ईमेल एक्सेस करने और संदेश भेजने में परेशानी हुई। वहीं, टीम्स और शेयरपॉइंट जैसी सेवाओं में भी दिक्कतों की शिकायतें सामने आईं।

ब्रिटेन में भी प्रभावित हुआ कामकाज

अमेरिका के बाद ब्रिटेन में भी माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं को लेकर शिकायतों में अचानक उछाल देखा गया। भारतीय समयानुसार रात करीब 12 बजे तक वहां भी बड़ी संख्या में यूजर्स ने तकनीकी समस्या की सूचना दी। कई कॉर्पोरेट दफ्तरों में ईमेल और ऑनलाइन मीटिंग प्रभावित होने से कामकाज बाधित हुआ। माइक्रोसॉफ्ट की क्लाउड सेवाओं पर निर्भर कंपनियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि डिजिटल कामकाज में क्लाउड सेवाओं की अहमियत कितनी बढ़ गई है। माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी टेक कंपनी के सर्वर में आई तकनीकी खराबी भी दुनियाभर के कारोबार और करोड़ों यूजर्स की रोजमर्रा की गतिविधियों को प्रभावित कर सकती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular