पीएम मोदी ने ₹78,000 करोड़ की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की, बोले- देरी का असर लागत बढ़ने से आगे तक पड़ता है

नई दिल्ली, 25 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 78,000 करोड़ रुपये से अधिक की कुल लागत वाली पांच महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की और सभी संबंधित पक्षों से लंबित मुद्दों को स्पष्ट जिम्मेदारी व व्यावहारिक समयसीमा के साथ सुलझाने को कहा।

प्रगति (प्रो-एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन) की 55वें बैठक में इन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मोदी ने कहा कि बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में देरी का असर केवल लागत बढ़ने तक सीमित नहीं रहता बल्कि इससे नागरिकों, कारोबार और अर्थव्यवस्था को मिलने वाले अपेक्षित लाभ भी टल जाते हैं।

सड़क, बिजली, कोयला और रेलवे क्षेत्रों की 5 महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान के अनुसार बैठक में पीएम मोदी ने सड़क, बिजली, कोयला और रेलवे क्षेत्रों की पांच महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की। बयान के अनुसार इनकी कुल लागत 78,000 करोड़ रुपये से अधिक है। इसके साथ ही उन्होंने उन्नत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के माध्यम से प्रधानमंत्री कौशल एवं रोजगारपरकता परिवर्तन योजना (पीएम-सेतु) पहल के कार्यान्वयन सहित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की व्यवस्था की भी समीक्षा की।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘आज की प्रगति बैठक में 78,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इसमें सड़क, रेलवे, बिजली और कोयला क्षेत्र शामिल हैं। इसके साथ ही भारत में आईटीआई व्यवस्था और पीएम-सेतु के कार्यान्वयन की व्यापक समीक्षा की गई। कौशल विकास हमारी प्राथमिकताओं में शामिल है।’

पीएम-सेतु के कार्यान्वयन और ITI की व्यवस्था की समीक्षा

बयान में कहा गया कि पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री कौशल एवं रोजगारपरकता परिवर्तन योजना (पीएम-सेतु) के कार्यान्वयन सहित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित मंत्रालयों और राज्य सरकारों से लंबित मुद्दों को स्पष्ट जिम्मेदारी और व्यावहारिक समयसीमा के साथ सुलझाने का आह्वान किया।

निर्माण की गुणवत्ता के उच्च मानक भी सुनिश्चित किए जाएं

उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ निर्माण की गुणवत्ता के उच्च मानक भी सुनिश्चित किए जाने चाहिए। यह मंच केंद्र और राज्य सरकारों को एक साथ लाता है, ताकि परियोजनाओं और कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर किया जा सके और उनके क्रियान्वयन में सुधार हो।

सड़क परियोजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने को कहा

सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने इनके कार्यान्वयन में तेजी लाने को कहा और खर्च के बजाय परिणामों पर ध्यान देने की जरूरत दोहराई। कोयला परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ पुनर्वास और पुनर्स्थापन का काम भी समयबद्ध तथा गरिमापूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। बिजली क्षेत्र के संबंध में मोदी ने विकेन्द्रीकृत सौर और पवन ऊर्जा परियोजनाओं के लिए नए मॉडल तलाशने का सुझाव दिया।

पीएम मोदी ने कहा कि जहां भी संभव हो, ऐसी परियोजनाएं बिजली की खपत वाले केंद्रों के नजदीक विकसित की जानी चाहिए और इसके लिए स्थानीय संसाधनों की उपलब्धता और मांग को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य भरोसेमंद और सस्ती बिजली की उपलब्धता बढ़ाना तथा पारेषण बुनियादी ढांचे पर दबाव कम करना होना चाहिए।

राज्यों, ITI और उद्योगों के बीच करीबी सहयोग का आह्वान

आईटीआई व्यवस्था और पीएम-सेतु के कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों और मुख्य सचिवों से आईटीआई को मजबूत करने तथा पीएम-सेतु के तहत उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने में नेतृत्व प्रदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उद्योगों के लिए आईटीआई के साथ साझेदारी करने, उनके उन्नयन में योगदान देने और प्रशिक्षण को वर्तमान तथा भविष्य की मानव संसाधन जरूरतों के अनुरूप बनाने का यह उपयुक्त समय है।

प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यों, आईटीआई और उद्योगों के बीच करीबी सहयोग का भी आह्वान किया ताकि इन साझेदारियों को युवाओं के लिए बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों में बदला जा सके। उनहोंने सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) से भविष्य में अपनी मानव संसाधन जरूरतों का आकलन करने और संबंधित व्यवसायों में प्रशिक्षण तथा भर्ती के लिए आईटीआई के साथ संबंध मजबूत करने को कहा।

ITI स्नातकों की भर्ती पर अधिक ध्यान देने की जरूरत

पीएम मोदी ने पीएसयू को व्यावहारिक प्रशिक्षण और प्रशिक्षुता कार्यक्रमों में सहयोग देने तथा प्रशिक्षित आईटीआई स्नातकों की भर्ती पर अधिक ध्यान देने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की भागीदारी से विद्यार्थियों को उद्योगों में काम करने का अनुभव मिलेगा और पीएसयू को अपनी परिचालन संबंधी जरूरतों के अनुरूप कुशल मानव संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि कौशल प्रशिक्षण को औद्योगिक समूहों और अलग-अलग क्षेत्रों की जरूरतों के आधार पर व्यवस्थित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में आईटीआई के पाठ्यक्रमों, प्रशिक्षण की क्षमता और सिखाए जाने वाले व्यवसायों को मौजूदा उद्योगों तथा आने वाले निवेश के अनुरूप बनाया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई और स्थानीय नियोक्ताओं के बीच मजबूत संबंधों से युवाओं को अपने घरों के नजदीक रोजगार के अधिक अवसर मिल सकते हैं। उनहोंने कहा कि इससे मजबूरी में होने वाले पलायन को कम करने में भी मदद मिलेगी और युवा अपने क्षेत्रों के आर्थिक विकास में योगदान दे सकेंगे।

आईटीआई शिक्षा के लिए 3C – ‘कक्षा’, ‘कम्पनी’ और ‘करिअर’ का दृष्टिकोण अपनाने की वकालत

पीएम मोदी ने आईटीआई शिक्षा के लिए ‘कक्षा’, ‘कम्पनी’ और ‘करिअर’ (3सी) का दृष्टिकोण अपनाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि इसके तहत कक्षा में सीखने को उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव और उसके बाद रोजगार तथा करियर में प्रगति से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि आईटीआई और उद्योगों को मिलकर विद्यार्थियों को प्रासंगिक तकनीकी ज्ञान, वास्तविक कार्य परिस्थितियों का अनुभव और प्रशिक्षण से रोजगार तक पहुंचने का स्पष्ट रास्ता उपलब्ध कराना चाहिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular